मुंबई, 6 अगस्त (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता करण देओल इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'बंटवारा 1947' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के प्रमोशन के दौरान करण देओल ने अपने बचपन और पिता सनी देओल के साथ रिश्ते को लेकर एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसे सुनकर वहां मौजूद दर्शक हंस पड़े।
दरअसल, अहमदाबाद में आयोजित फिल्म के प्रमोशनल इवेंट में करण के साथ सनी देओल और प्रीति जिंटा भी मौजूद थे। बातचीत के दौरान प्रीति जिंटा ने मजाकिया अंदाज में करण देओल से पूछा कि क्या कभी घर में उनके पिता सनी देओल ने उनकी पिटाई की है? प्रीति के इस सवाल पर करण ने तुरंत जवाब देते हुए कहा, ''पिटाई तो कभी नहीं हुई, बस इशारा ही काफी होता था।''
करण के इस जवाब को सुन वहां मौजूद लोग हंसने लगे। खुद सनी देओल और प्रीति जिंटा भी करण की बात सुनकर मुस्कुराते नजर आए।
सनी और करण की फिल्म 'बंटवारा 1947' का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है, और यह आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है। फिल्म का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म की कहानी 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन के समय की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। यह उन आम लोगों की जिंदगी को दिखाती है, जो इस विभाजन से प्रभावित हुए थे।
कहानी में एक हिंदू परिवार को दिखाया गया है, जो लाहौर से भारत आता है और उन्हें एक हवेली मिलती है, जो पहले एक मुस्लिम परिवार की थी। कहानी में मोड़ तब आता है, जब उन्हें पता चलता है कि उस हवेली में एक बुजुर्ग मुस्लिम महिला अभी भी रह रही है। इसी स्थिति से इंसानी रिश्तों, भावनाओं और संघर्ष की एक गहरी कहानी पेश की जाएगी।
फिल्म में सनी देओल, करण देओल, अली जफर, प्रीति जिंटा और शबाना आजमी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम