नई दिल्ली, 7 जनवरी (आईएएनएस)। साल 2024 और 2025 में कई बॉलीवुड सितारों के घर नन्हे मेहमान आए, जिनके नाम बेहद अनोखे और अर्थपूर्ण हैं। ये नाम सांस्कृतिक जड़ों, आध्यात्मिकता और व्यक्तिगत भावनाओं से प्रेरित हैं।
विहान :- विक्की और कैटरीना के लाडले विहान का नाम विक्की की फिल्म 'उरी' से भी प्रेरित है। फिल्म में विक्की के किरदार का नाम विहान रहता है। 'विहान' का अर्थ 'उम्मीद की किरण' या 'सुबह की पहली रोशनी' है। कपल ने इंस्टाग्राम पर बेटे की पहली झलक दिखाते हुए लिखा कि वह उनकी जिंदगी की रौनक है। विहान का जन्म 7 नवंबर 2025 को हुआ।
नीर :- परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा अक्टूबर 2025 में बेटे के पैरेंट्स बने। उन्होंने अपने बेटे का नाम नीर रखा है। परिणीति चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर बेटे के साथ फोटो पोस्ट करते हुए बताया, “जलस्य रूपम्, प्रेमस्य स्वरूपम् - तत्र एव नीर।” परिणीति के बेटे का नाम सरल, सुंदर और गहरा अर्थ वाला है। हिंदी, संस्कृत और कई भारतीय भाषाओं में 'नीर' का मुख्य अर्थ 'जल' या 'शुद्ध पानी' होता है। साथ ही यह नीर स्वच्छता, निर्मलता, शांत स्वभाव और कोमलता जैसे गुणों को भी दिखाता है।
सिपारा :- अरबाज खान और शूरा खान की बेटी का जन्म अक्टूबर 2025 में हुआ। उन्होंंने बेटी का नाम सिपारा रखा है। यह नाम अरबी और फारसी मूल का है। 'सिपारा' का जिक्र धर्म ग्रंथ कुरान में है, जो पवित्रता, मार्गदर्शन और आध्यात्मिक गहराई का प्रतीक है। अरबी में यह 'सुंदर महिला' का अर्थ रखता है, जबकि फारसी में 'फूल' से जुड़ा है।
इवारा :- अथिया शेट्टी और क्रिकेटर केएल राहुल की बेटी 24 मार्च 2025 को जन्मी। इसका नाम इवारा है, जिसका अर्थ 'ईश्वर का तोहफा' या 'भगवान का उपहार' है।
सरायाह :- कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा की बेटी का जन्म 15 जुलाई 2025 को हुआ। उन्होंने बेटी का नाम सरायाह मल्होत्रा रखा है। यह नाम हिब्रू मूल का है और इसका अर्थ 'ईश्वर की राजकुमारी' या 'प्रिंसेस ऑफ गॉड' होता है। हिब्रू भाषा में 'सरायाह' शब्द 'सराह' से निकला है, जिसका मतलब 'राजकुमारी' या 'नोबल लेडी' है।
वेदा :- अभिनेता वत्सल सेठ की पत्नी इशिता दत्त ने जून 2025 में दूसरी बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम उन्होंने वेदा रखा है। संस्कृत में 'वेदा' का अर्थ 'ज्ञान', 'बुद्धि' होता है। यह नाम आध्यात्मिकता और बुद्धिमत्ता का प्रतीक है। कपल के बड़े बेटे का नाम वायु है।
अकाय :- अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने अपने दूसरे बच्चे का नाम अकाय रखा है। संस्कृत में 'अकाय' का मतलब 'देह रहित' या आध्यात्मिक रूप से शुद्ध होता है। यह नाम गहरी आध्यात्मिकता दर्शाता है।
वेदविद :- यामी गौतम और आदित्य धर मई 2024 में पैरेंट्स बने। उनके बेटे का नाम वेदविद है। संस्कृत शब्द 'वेदविद' का अर्थ 'वेदों को जानने वाला' है। यामी ने बताया कि बेटे का जन्म अक्षय तृतीया के शुभ दिन हुआ, इसलिए यह नाम चुना गया।
लारा :- वरुण धवन और नताशा दलाल की बेटी का जन्म जून 2024 में हुआ। नाम लारा रखा गया। यह नाम लैटिन, ग्रीक और रूसी मूल का है, जिसका मतलब 'सुंदर', 'उज्जवल' या 'सूर्य की किरण' और 'देवताओं का दूत' होता है।
जुनेयरा :- ऋचा चड्ढा और अली फजल की बेटी का जन्म जुलाई 2024 में हुआ, जिसका नाम जुनेयरा इदा फजल रखा है। 'जुनेयरा' उर्दू शब्द है, जिसका अर्थ 'जन्नत का फूल' है।
दुआ :- दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की बेटी सितंबर 2024 में पैदा हुई। बेटी का नाम उन्होंने दुआ पादुकोण सिंह रखा है। 'दुआ' का मतलब 'प्रार्थना' है। कपल ने कहा कि बेटी उनकी प्रार्थनाओं का जवाब है।
इनके अलावा जहीर खान-सागरिका घाटगे ने बेटे का नाम फतेह सिंह खान (विजय और शेर का प्रतीक) और अमाला पॉल ने लाडले का नाम इलई (तमिल में कार्तिक देव का नाम) रखा है। वहीं, रामचरण-उपासना की बेटी का नाम क्लिन कारा है। क्लिन कारा नाम प्राचीन हिंदू पुस्तक ललिता सहस्रनाम से लिया गया है, जिसका अर्थ आध्यात्मिक जागृति की ओर ले जाने वाली परिवर्तनकारी ऊर्जा है।
--आईएएनएस
एमटी/एबीएम