जॉब अलर्ट: सीनियर इन्वेस्टिगेटर समेत कई पदों पर आवेदन जारी, 30 अप्रैल अंतिम तिथि

जॉब अलर्ट: सीनियर इन्वेस्टिगेटर समेत कई पदों पर आवेदन जारी, 30 अप्रैल अंतिम तिथि

नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह चिकित्सा विज्ञान संस्थान (एएनआईआईएमएस) ने सीनियर इन्वेस्टिगेटर सहित विभिन्न 4 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर वैकेंसी निकाली है।

एएनआईआईएम ने जिन 4 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें मॉर्चुअरी अटेंडेंट (शवगृह परिचारक) के 2, सीनियर इन्वेस्टिगेटर (वरिष्ठ अन्वेषक) का 1 और जूनियर इन्वेस्टिगेटर (कनिष्ठ अन्वेषक) का 1 पद शामिल हैं।

एएनआईआईएम की ओर से जारी पदों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार 10वीं, 12वीं, सांख्यिकी/संचालन अनुसंधान या अर्थशास्त्र/गणित/वाणिज्य में ग्रेजुएशन की डिग्री (जिसमें सांख्यिकी एक विषय के रूप में हो), सांख्यिकी/संचालनात्मक सांख्यिकी में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री अनुसंधान/गणितीय सांख्यिकी/सांख्यिकी/अनुप्रयुक्त सांख्यिकी या अर्थशास्त्र/गणित/वाणिज्य में (सांख्यिकी एक विषय के रूप में) होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता, कंप्यूटर का ज्ञान और प्रासंगिक क्षेत्र में तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पद अनुसार 33 से 40 वर्ष के बीच तय की गई है। योग्य अभ्यर्थियों का चयन स्किल टेस्ट/इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 18,000 से 35,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले अंडमान और निकोबार द्वीप समूह चिकित्सा विज्ञान संस्थान (एएनआईआईएमएस) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे भर्ती सेल, एएनआईआईएमएस को तय अंतिम तारीख की शाम 04:00 बजे तक या उससे पहले जमा कर दें। वहीं, आवेदन पत्र की एक हार्ड कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी