श्रीनगर, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू और कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने जल शक्ति विभाग में रिक्त पदों को भरने के लिए ड्राफ्ट्समैन (सिविल) के कुल 76 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
जेकेएसएसबी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 मई निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, उन्हें आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लिंक सक्रिय होने के बाद से तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
अभ्यर्थियों के पास किसी भी सरकारी मान्यता प्राप्त संस्थान से दो वर्षीय ड्राफ्ट्समैन प्रशिक्षण पाठ्यक्रम प्रमाणपत्र/डिप्लोमा होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय साल का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 40 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित/ओएमआर परीक्षा, इंटरव्यू या डॉक्यूमेंट्स वेरिकेशन आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 25,500 से 81,100 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो जनरल के लिए 600 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपए तय किया गया है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले जेकेएसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइड में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। आवेदन पत्र का एक प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकालकर रख लें।
कैंडिडेट्स भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए जेकेएसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर, वहां संबंधित पद के लिए जारी विस्तृत अधिसूचना को चेक कर सकते हैं।
--आईएएनएस
डीके/वीसी