झारखंड होमगार्ड भर्ती 2026: 284 पदों पर आवेदन प्रक्रिया शुरू, 4 जून अंतिम तिथि

झारखंड होमगार्ड भर्ती 2026: 284 पदों पर आवेदन प्रक्रिया शुरू, 4 जून अंतिम तिथि

रांची, 9 मई (आईएएनएस)। झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, रामगढ़ ने होमगार्ड के कुल 284 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है। इन पदों में ग्रामीण गृह रक्षकों के 213 पद शामिल हैं, जिनमें से 105 महिलाओं के लिए और 108 पुरुषों के लिए हैं। वहीं, शहरी गृह रक्षकों के 71 पद शामिल हैं, जिनमें से 35 महिलाओं के लिए और 36 पुरुषों के लिए हैं।

इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 7 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 जून तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। वहीं, सफलतापूर्वक आवेदन करने के बाद उम्मीदवारों को भरे हुए एप्लीकेशन फॉर्म की हार्ड कॉपी 8 मई से 5 जून तक जिला समादेष्टा कार्यालय, रामगढ़ में जमा करना अनिवार्य है।

ग्रामीण गृह रक्षक पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का न्यूनतम 7वीं पास होना अनिवार्य है। वहीं, शहरी गृह रक्षक पदों के लिए कैंडिडेट्स के पास न्यूनतम मैट्रिक (10वीं) पास होना आवश्यक है।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 19 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी के आधार पर की जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन शारीरिक परीक्षण, हिंदी लेखन क्षमता परीक्षण, तकनीकी दक्षता परीक्षा, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी झारखंड सरकार के नियमों के अनुसार होगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 100 रुपए तय किया गया है। कैंडिडेट्स ध्यान दें, रजिस्ट्रेशन फीस के भुगतान के बाद ही आपके एप्लीकेशन को स्वीकार किया जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले झारखंड सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स, प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो एवं हस्ताक्षर को अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक हॉर्ड कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी