रांची, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने गुरुवार को अपराह्न करीब तीन बजे कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। काउंसिल के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष कुल 95.27 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए हैं। राज्य की मेरिट सूची में प्रियांशु कुमारी ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। प्रियांशु ने कुल 500 अंकों में से 498 अंक (99.60 प्रतिशत ) प्राप्त किए हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा के लिए 4,24,001 छात्रों ने अपना पंजीकरण कराया था, जिसमें से 4,22,109 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें से कुल 4,02,178 छात्र सफल घोषित किए गए हैं। श्रेणीवार परिणामों पर नजर डालें तो 2,26,957 छात्रों ने प्रथम श्रेणी हासिल की है। वहीं 1,60,673 छात्र द्वितीय श्रेणी और 14,548 छात्र तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं।
परीक्षा में शामिल हुए छात्र अपना परिणाम झारखंड एकेडमिक काउंसिल की आधिकारिक वेबसाइटों जैक रिजल्ट्स डॉट कॉम या जैक डॉट झारखंड डॉट गवर्नमेंट डॉट इन पर जाकर देख सकते हैं। परिणाम देखने के लिए छात्रों को वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर उपलब्ध मैट्रिक रिजल्ट लिंक पर क्लिक करना होगा और वहां अपना रोल कोड और रोल नंबर दर्ज करना होगा। सबमिट बटन दबाते ही स्कोरकार्ड स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा, जिसे छात्र भविष्य के संदर्भ के लिए डाउनलोड भी कर सकते हैं।
डिजिटल माध्यमों के अलावा छात्र अपना परिणाम डिजीलॉकर की आधिकारिक वेबसाइट पर भी देख सकते हैं। झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने स्पष्ट किया है कि इंटरनेट पर जारी परिणाम छात्रों की तत्काल जानकारी के लिए हैं। छात्रों को मूल अंकपत्र और उत्तीर्ण प्रमाण पत्र उनके संबंधित विद्यालयों के माध्यम से प्राप्त होंगे।
रिजल्ट जारी होने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की मैट्रिक परीक्षा में सफल हुए सभी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बहुत-बहुत बधाई और जोहार। जो विद्यार्थी अपनी आशा के अनुरूप परिणाम प्राप्त नहीं कर सके हैं, वे निराश न हों और बेहतर प्रयास करते हुए आगे बढ़ते रहें। झारखंड सरकार आप सभी के बेहतर भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रयासरत है। आप सभी के उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं और जोहार।"
जैक द्वारा सभी स्कूलों को छात्रों की मूल मार्कशीट भेजी जाएगी, जिसके बाद विद्यालय प्रबंधन इसे वितरित करेगा। सफल छात्रों को अब उच्च माध्यमिक शिक्षा में प्रवेश के लिए आवश्यक प्रमाणपत्रों के लिए अपने शिक्षण संस्थानों से संपर्क करना होगा। प्रशासन ने सुचारू रूप से परिणाम जारी करने के लिए सभी तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं, ताकि छात्रों को वेबसाइट पर ट्रैफिक के कारण परेशानी न हो।
--आईएएनएस
एसएनसी/एबीएम