'जयंती 2' को लेकर अभिनेता किरण मेशराम बोले-आरक्षण कोई खैरात नहीं, पीछे रह गए लोगों का अधिकार

 'जयंती 2' को लेकर अभिनेता किरण मेशराम बोले-आरक्षण कोई खैरात नहीं, पीछे रह गए लोगों का अधिकार

चंद्रपुर, 27 सितंबर (आईएएनएस)। मराठी फिल्म 'जयंती 2' को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा लगातार बनी हुई है। फिल्म की सोशल थीम और आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दे पर इसकी कहानी को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया सामने आ रही है। इसी बीच चंद्रपुर के राधाकृष्ण टॉकीज में फिल्म को मिली ऑडियंस के बीच एक्टर किरण मेशराम और ऋतुराज वानखेड़े ने बताया कि फिल्म को दर्शकों का प्यार मिल रहा है और खास तौर पर युवाओं के बीच इसे लेकर अच्छी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

चंद्रपुर से अपने खास जुड़ाव के बारे में किरण मेशराम ने कहा, ''मैं इसी शहर में पला-बढ़ा हूं और मेरा बचपन यहीं की गलियों में बीता है। बड़े होने के बाद मैं नागपुर चला गया, जहां मैंने थिएटर में काम किया। इसके बाद मुझे 'जयंती' और अब 'जयंती 2' में काम करने का मौका मिला। अपने शहर में फिल्म को लेकर मिल रहे प्यार और सम्मान को देख दिल को एक सुकून मिलता है। आज जब मैं चंद्रपुर में अपने ही लोगों और पुराने दोस्तों के सामने कलाकार के तौर पर लौटा हूं, तो यह मेरे लिए बेहद खुशी वाला पल है। अपने ही शहर में लोगों के बीच फिल्म को सेलिब्रेट होते देखना भावुक कर देने वाला अनुभव है।''

फिल्म के सोशल मुद्दे पर बात करते हुए किरण मेशराम ने कहा, ''आरक्षण एक संवेदनशील विषय है। आज भी कई लोग आरक्षण जैसे मुद्दे पर खुलकर बात करने से हिचकते हैं, लेकिन 'जयंती 2' इस विषय को सीधे तौर पर सामने रखती है। फिल्म सिर्फ यह नहीं कहती कि आरक्षण मिलना चाहिए, बल्कि यह सवाल भी उठाती है कि आरक्षण की जरूरत क्यों पड़ी और समाज में उन लोगों को समान स्तर पर लाने की कोशिश कैसे की जा सकती है, जो लंबे समय से पीछे रहे हैं।''

किरण ने आगे कहा, ''आरक्षण कोई खैरात में मिली हुई चीज नहीं है, यह उन लोगों का अधिकार है, जो पीछे रह गए हैं और जिन्हें आगे आने में समय लग रहा है। फिल्म की कहानी को युवाओं से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और मुझे लगता है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसे देखना चाहिए।''

वहीं ऋतुराज वानखेड़े ने फिल्म को मिल रहे बॉक्स ऑफिस रिस्पॉन्स पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, ''शुरुआत में फिल्म को बहुत ज्यादा थिएटर नहीं मिले थे, लेकिन दर्शकों की प्रतिक्रिया के बाद इसके शोज और थिएटर बढ़ने लगे। अमरावती से लेकर नागपुर तक फिल्म के थिएटर बढ़े हैं। मुंबई और पुणे में भी इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। इसके लिए मैं दर्शकों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।''

'जयंती 2' 11 सितंबर 2026 को रिलीज हुई मराठी सोशल ड्रामा है। फिल्म का निर्देशन शैलेश नरवाडे ने किया है और इसमें ऋतुराज वानखेड़े, प्रियदर्शिनी इंदलकर, पायल जाधव और विजय निकम प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

फिल्म की कहानी पायल नाम की एक आदिवासी छात्रा के इर्द-गिर्द घूमती है। पायल उच्च शिक्षा का सपना लेकर कॉलेज पहुंचती है, लेकिन वहां उसे अपनी सामाजिक और आदिवासी पहचान के कारण भेदभाव का सामना करना पड़ता है। विरोध करने के बाद उस पर ही कार्रवाई होती है और उसे कॉलेज से सस्पेंड कर दिया जाता है। इसके बाद संत्या और तनुजा उसके पक्ष में खड़े होते हैं और कॉलेज की राजनीति, राजनीतिक दबाव और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ लड़ाई शुरू करते हैं।

फिल्म आरक्षण और मेरिट के बीच होने वाली बहस के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था में भेदभाव और समान अवसर पर भी सवालिया निशान लगाती है।

--आईएएनएस

पीके/वीसी