जन्मदिन विशेष : फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा, जिनके दमदार किरदार कहते हैं दिल की बात

जन्मदिन विशेष: सामाजिक सिनेमा के सशक्त कहानीकार अनुभव सिन्हा

नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा किसी पहचान के मोहताज नहीं। वह खुद में एक ब्रांड हैं। उनकी फिल्में ऐसी हैं, जो दिमाग को कुरेद जाती हैं। आर्टिकल 15, मुल्क, और थप्पड़ समसामयिक मुद्दों को उठाकर समाज को आईना दिखाने का काम करती हैं। उत्तरप्रदेश के इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में जन्मे सिन्हा 22 जून को 60वां जन्मदिन मनाएंगे।

अनुभव सिन्हा की फिल्मों को दर्शकों के एक खास वर्ग से भरपूर प्यार मिला और तो समीक्षकों ने भी खूब सराहा, भले ही कुछ ने बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित सफलता नहीं पाई। लेकिन, इसके बावजूद अनुभव ने कभी फिल्मों से दूरी नहीं बनाई। अनुभव ने अपने करियर में शाहरुख खान से लेकर अभिनेता आयुष्मान खुराना जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया है। वे अपनी सफलता का श्रेय भगवान शिव और मां सरस्वती की कृपा को देते हैं। उनकी फिल्में सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए मशहूर हैं।

22 जून 1965 को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे अनुभव सिन्हा ने अपनी स्कूली शिक्षा यूपी से पूरी की। इसके बाद उन्होंने मेकैनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया और फरीदाबाद में एक निजी कंपनी में नौकरी की। अनुभव बताते हैं कि यहां सैलरी अच्छी थी। लेकिन, जल्द ही यहां से नौकरी छोड़ दी क्योंकि, मन में कुछ और करने की इच्छा थी।

अनुभव ने उन दिनों को भी याद किया, जब नौकरी छोड़ फिल्मी दुनिया में कदम रखने के लिए खुद को तैयार कर रहे थे और कैसे उन्होंने संघर्ष किया।

अनुभव ने बॉलीवुड का रुख करते हुए 2001 में 'तुम बिन' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। फिल्म को काफी सराहना मिली। फिल्म के गीतों ने दर्शकों के दिलों पर जादू चलाया। आज भी इस फिल्म के गीत लोग भूले नहीं हैं। बीते दो दशकों में अनुभव सिन्हा 'आर्टिकल 15', 'मुल्क' और 'थप्पड़' जैसी सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्मों के जरिए दर्शकों को प्रभावित करते रहे हैं। उनकी फिल्में सामाजिक संदेशों के साथ-साथ मनोरंजन भी प्रदान करती हैं।

अनुभव सिन्हा ने अपने करियर में 'तुम बिन' (2001), 'कैश' (2007), 'रा. वन' (2011), 'गुलाब गैंग' (2014), 'मुल्क' (2018), 'आर्टिकल-15' (2019), 'थप्पड़' (2020), अनेक (2022), 'मिडिल क्लास लव' (2022) जैसी फिल्मों का निर्माण किया। इसके अलावा, अनुभव सिन्हा ने नेटफ्लिक्स सीरीज 'आईसी 814 : कंधार प्लेन हाईजैक' (2024) का भी निर्देशन किया है, जो एक वास्तविक घटना पर आधारित है।

हिन्दी सिनेमा में अनुभव सिन्हा के यूं तो कई दोस्त हैं। लेकिन, अनुभव दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी को अपना खास दोस्त मानते हैं। एक टीवी शो के दौरान अनुभव सिन्हा ने बताया था कि उन्होंने थिएटर के दिनों में काफी स्ट्रगल किया। हालांकि, दोनों एक-दूसरे के सहारा भी थे।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम