जन्मदिन पर छाया 'ड्रैगन' का दमदार अंदाज, खौफनाक अवतार में दिखे जूनियर एनटीआर

जन्मदिन पर छाया 'ड्रैगन' का दमदार अंदाज, खौफनाक अंदाज में दिखे जूनियर एनटीआर

हैदराबाद, 20 मई (आईएएनएस)। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर का नाम आज देश के सबसे बड़े कलाकारों में गिना जाता है। फिल्म 'आरआरआर' के बाद उनकी लोकप्रियता दुनियाभर में तेजी से बढ़ी। ऐसे में उनके हर नए प्रोजेक्ट का फैंस बेसब्री से इंतजार करते हैं। बुधवार को जूनियर एनटीआर ने अपना 43वां जन्मदिन मनाया और इस खास मौके पर आने वाली फिल्म 'ड्रैगन' की पहली झलक जारी की। इस टीजर में जूनियर एनटीआर का बेहद दमदार और खतरनाक अवतार देखने को मिल रहा है।

फिल्म 'ड्रैगन' का निर्देशन मशहूर निर्देशक प्रशांत नील कर रहे हैं। फिल्म की पहली झलक में एक रहस्यमयी और हिंसक दुनिया दिखाई गई है। वीडियो में जूनियर एनटीआर का किरदार काफी ताकतवर और खौफनाक नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि वह फिल्म में 'अफगान ट्रेडिंग कंपनी' के सबसे बड़े शूटर और हत्यारे लूगर का किरदार निभाते दिखेंगे, जिसे 'ड्रैगन' भी कहा जाता है।

वीडियो में धुएं, आग, हथियार और तनाव से भरा माहौल दिखाया गया, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म में दुनिया भर में फैले अफीम कारोबार और उससे जुड़ी जंग को दिखाया जाएगा।

टीजर की शुरुआत एक बैकग्राउंड वॉइस ओवर से होती है, जिसमें सुना जा सकता है कि ब्रिटिश भारत में अफीम की खेती के लिए आए थे, जिससे हेरोइन बनती है। अंग्रेजों ने भारत में रहकर उन ऐसे जगहों पर अपना कब्जा जमाया, जहां प्रतिबंधित ड्रग्स की सबसे ज्यादा खेती होती है। जब अंग्रेज चले गए, तो इस अफीम के कारोबार पर 'अफगान ट्रेडिंग कंपनी' और 'गोल्डन ट्रायंगल' नामक दो ग्रुप ने अपनी नजरें गड़ाकर रखी और अपने हिस्से में लाने के लिए जंग शुरू कर दी।

टीजर में दमदार लाइन्स भी है, जैसे- ''जब मैं सोने के लिए अपनी आंखें बंद करता हूं, तो मुझे उन लोगों के चेहरे नहीं दिखते जिन्हें मैंने मारा है। मुझे सिर्फ बचे हुए दुश्मनों के चेहरे दिखते हैं। गलती से भी मेरे सपनों में मत आना।''

जूनियर एनटीआर ने इंस्टाग्राम पोस्ट में 'ड्रैगन' की झलक को मिले शानदार रिस्पॉन्स पर खुशी जाहिर की। उन्होंने निर्देशक प्रशांत नील की तारीफ करते हुए कहा, '''ड्रैगन' फिल्म का सपना सबसे पहले प्रशांत नील ने देखा था और इसका पूरा श्रेय उन्हीं को जाता है। फिल्म की पहली झलक पर लोगों का प्यार देखकर पूरी टीम के चेहरे पर मुस्कान आ गई। दर्शकों की प्रतिक्रिया से टीम को आत्मविश्वास और उत्साह मिला है।''

--आईएएनएस

पीके/एबीएम