'जब दुनिया समझने में देर करती है, तब मां हमारी खामोशी भी पढ़ लेती है', अनुपम खेर समेत कई फिल्मी हस्तियों ने शेयर की फीलिंग

'मां की दुआ टूटे इंसान को भी फिर खड़ा कर देती है', मदर्स डे पर अनुपम खेर से सुनील शेट्टी तक मां को याद कर भावुक हुए सितारे

मुंबई, 10 मई (आईएएनएस)। मदर्स डे पर फिल्मी सितारों ने अपनी मां के साथ जुड़ी यादें साझा कीं। किसी ने पुरानी तस्वीरों के जरिए अपने बचपन को याद किया, तो किसी ने भावुक संदेश लिखकर मां के प्रति अपना प्यार जाहिर किया। अनुपम खेर से लेकर संजय दत्त तक कई बॉलीवुड सितारों ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मां के साथ बिताए खास पलों की झलक दिखाई और लोगों का ध्यान खींचा।

अभिनेता अनुपम खेर ने मां दुलारी के साथ एक भावुक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में उनकी मां अलग-अलग अंदाज में नजर आ रही थीं। कहीं वह शर्माते हुए मुस्कुरा रही हैं, तो कहीं खुलकर हंसती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में मां-बेटे के बीच का गहरा रिश्ता साफ नजर आ रहा है। वीडियो के आखिर में अनुपम खेर अपनी मां को गले लगाते दिखाई दे रहे हैं।

इस वीडियो के साथ अनुपम खेर ने कैप्शन में लिखा, ''मां सिर्फ जन्म नहीं देती, बल्कि हमें हर दिन थोड़ा-थोड़ा बनाती भी है। अपनी हिस्से की नींद, खुशियां, इच्छाएं और कभी-कभी अपनी पूरी जिंदगी तक हमारे नाम कर देती है।''

अनुपम ने कहा, ''जब दुनिया हमें समझने में देर करती है, तब मां बिना कुछ कहे हमारी खामोशी भी पढ़ लेती है। उनकी दुआओं को इतनी ताकत होती है कि टूटा हुआ इंसान भी फिर से खड़ा हो जाता है। जिंदगी में अगर कोई रिश्ता पूरी तरह निस्वार्थ है, तो वो 'मां' है। आज मदर्स डे पर दुनिया की हर मां को प्रणाम और नमन और अपनी मां को… जिनकी वजह से हम मुस्कुरा रहे हैं और आगे बढ़ रहे हैं। जय माता की।''

वहीं अभिनेता सनी देओल ने भी अपनी मां के साथ बिताए खास पलों का एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में कई पुरानी और नई तस्वीरों को जोड़कर मां-बेटे के रिश्ते की खूबसूरत झलक दिखाई गई। इस वीडियो के जरिए सनी ने अपनी मां के प्रति अपना गहरा प्यार जाहिर किया और कैप्शन में लिखा, 'लव यू मम्मा।'

अभिनेता संजय दत्त ने भी मदर्स डे पर अपनी दिवंगत मां और मशहूर अभिनेत्री नरगिस को याद किया। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर कई पुरानी तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में संजय दत्त अपनी मां के साथ खूबसूरत पल बिताते दिखाई दे रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ संजय दत्त ने बेहद भावुक संदेश लिखा, ''मम्मा, मुझे आपकी बहुत याद आती है और काश आप आज मेरे साथ होतीं। आपका प्यार और आशीर्वाद आज भी मेरे साथ है। लव यू मॉम।''

अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी अपनी मां की तस्वीर साझा कर उन्हें याद किया। उन्होंने लिखा, ''परिवार में हर अच्छी चीज की शुरुआत एक मां से होती है। उनके प्यार की वजह से ही हम किसी घर को परिवार कहते है। हैप्पी मदर्स डे।''

अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने भी मदर्स डे पर एक खास वीडियो साझा किया। इस वीडियो में वह अपनी मां और सास के साथ बिताए कई खूबसूरत पल दिखाती नजर आईं। इस पोस्ट के साथ रकुल ने लिखा, ''मेरी मां ने मुझे जिंदगी दी, जबकि मेरी सास ने मुझे एक नया और खूबसूरत परिवार दिया। मैं दोनों का धन्यवाद करती हूं। आपका बिना शर्त प्यार, मार्गदर्शन और हर परिस्थिति में साथ खड़े रहना मेरे जीवन की सबसे बड़ी ताकत है। जिंदगी में दो मांओं का प्यार मिलना किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।''

--आईएएनएस

पीके/वीसी