गाधीनगर, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। देश के प्रतिष्ठित संस्थान में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। आयुर्वेद शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (आईटीआरए), जामनगर, ने प्रोफेसर सहित विभिन्न 13 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
इंस्टीट्यूट ऑफ टीचिंग रिसर्च एंड आयुर्वेद (आईटीआरए) की ओर से जारी पदों के लिए ऑफलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 12 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आईटीआरए ने जिन 13 पदों पर भर्ती के लिए एप्लीकेशन मांगे हैं, उनमें प्रोफेसर के 3; असिस्टेंट प्रोफेसर के 5; एसोसिएट प्रोफेसर, डिप्टी डायरेक्टर (पीजी), डिप्टी डायरेक्टर (फार्मेसी), डिप्टी डायरेक्टर (अंडरग्रेजुएट), और फार्मास्युटिकल केमिस्ट के 1-1 पद शामिल हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार आयुर्वेद में डिग्री, एमडी/एमएस (आयुर्वेद), पीएचडी, राज्य/केंद्रीय बोर्ड/परिषद के साथ पंजीकरण, राष्ट्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा, आयुर्वेद/फार्मेसी में पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री, एमफार्मा, एमएससी, एमडी या एमएस, रसायन विज्ञान/फार्मास्युटिकल रसायन विज्ञान में एमफार्मा/एमएससी (विश्लेषणात्मक/कार्बनिक/फार्मास्युटिकल रसायन विज्ञान)/एमएससी (औषधीय पौधे) में होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु पद अनुसार 45 से 50 साल के बीच निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 12 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग, लिखित परीक्षा, कौशल परीक्षा, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 57,700 से 2,18,200 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो सामान्य/यूआर/ओबीसी के लिए 3,000 रुपए और एससी/एसटी/ईडब्ल्यूएस के लिए 2,500 रुपए है। वहीं, दिव्यांग उम्मीदवारों को एप्लीकेशन फीस में छूट दी गई है।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईटीआरए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगे गए सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को फॉर्म के साथ अटैच करें। इसके बाद आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म को एक लिफाफे में डाले। लिफाफे पर पद का नाम लिख उसे 'निदेशक, आयुर्वेद शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (आईटीआरए), बी-डिवीजन पुलिस स्टेशन के सामने, गुरुद्वारा रोड, जामनगर-361 008 (गुजरात)' पते पर डाक कर दें।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी