इजरायल-लेबनान बॉर्डर पर तैनात 600 भारतीय सैनिक सुरक्षित

इजरायल-लेबनान बॉर्डर पर तैनात 600 भारतीय सैनिक सुरक्षित

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान के साथ भले ही अमेरिका का दो हफ्तों का सीजफायर हो गया हो, लेकिन इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ अपने ऑपरेशन जारी रखे हैं। इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच जारी इस संघर्ष के बीच भारतीय सेना भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही है।

यूनाइटेड नेशंस इंटरिम फोर्स इन लेबनान (यूएनआईएफआईएल) के तहत इजरायल-लेबनान सीमा पर 600 भारतीय सैनिक तैनात हैं। रक्षा अधिकारियों के अनुसार मौजूदा हालात में सभी भारतीय सैनिक सुरक्षित हैं। सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करते हुए सामरिक (टैक्टिकल) गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी तैयारियां यूएन मैंडेट के अनुरूप बनाए रखी गई हैं। भारत भी वर्तमान स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। विदेश मंत्रालय ने लेबनान में बड़ी संख्या में नागरिक हताहतों की खबरों पर गहरी चिंता जताई है।

इजरायल और लेबनान के बीच 'ब्लू लाइन' पर शांति सेना तैनात है। यह पारंपरिक अंतरराष्ट्रीय सीमा नहीं, बल्कि 'लाइन ऑफ विदड्रॉल' है, जिसे संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2000 में इजरायली सेना की लेबनान से वापसी के बाद निर्धारित किया था। यह ब्लू लाइन अस्थायी है और यूएनआईएफआईएल इसकी निगरानी करता है।

ब्लू लाइन पर भारतीय सैनिकों सहित लगभग 50 देशों के 10,000 से अधिक सैनिक तैनात हैं। यूएनआईएफआईएल के तहत इस क्षेत्र को दो सेक्टरों—ईस्ट सेक्टर और वेस्ट सेक्टर—में विभाजित किया गया है। भारतीय सेना की एक बटालियन ईस्ट सेक्टर में, गोलान हाइट्स की ओर मरजायूं क्षेत्र में तैनात है। दोनों सेक्टरों में ब्रिगेड स्तर की तैनाती है, जिसमें प्रत्येक सेक्टर में 3 से 4 बटालियन शामिल हैं, और हर बटालियन में लगभग 600 से अधिक सैनिक होते हैं।

भारतीय सेना की एक बटालियन कई दशकों से यूएनआईएफआईएल में तैनात है। ब्लू लाइन की कुल लंबाई लगभग 120 किलोमीटर है। यह एक बफर जोन है, जहां केवल यूएन बल तैनात हैं। इनका कार्य युद्ध में शामिल होना नहीं, बल्कि शांति बनाए रखना है। साथ ही, यूएन के विभिन्न मिशनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी संभावित खतरे से निपटना भी उनकी जिम्मेदारी है। प्रयास यह रहता है कि इजरायल और लेबनान के बीच किसी भी प्रकार की हिंसक झड़प न हो।

युद्ध क्षेत्र में तैनात भारतीय सैनिकों की सुरक्षा के लिए पहले से ही व्यापक तैयारी की गई थी। पिछले वर्ष की शुरुआत में भारतीय सेना के लिए विशेष 45 आर्मर्ड फाइटिंग व्हीकल लेबनान भेजे गए थे। यह पहली बार था जब यूएनआईएफआईएल मिशन में भारत ने अपनी बुलेट-प्रूफ और माइन-प्रोटेक्टेड बख्तरबंद गाड़ियां तैनात कीं।

संयुक्त राष्ट्र के पीसकीपिंग मिशन दो प्रकार के होते हैं— ड्राई लीज और वेट लीज। ड्राई लीज के तहत केवल सैनिक भेजे जाते हैं, जबकि अन्य लॉजिस्टिक सहायता यूएन प्रदान करता है। वेट लीज में देश अपने सैनिकों के साथ-साथ अपना लॉजिस्टिक भी स्वयं उपलब्ध कराता है। लेबनान में यूएनआईएफआईएल मिशन के तहत भारतीय सेना पहले ड्राई लीज मॉडल पर काम करती थी, लेकिन पिछले वर्ष से वह वेट लीज मॉडल के तहत संचालन कर रही है।

--आईएएनएस

डीकेपी/