इरकॉन में फाइनेंस असिस्टेंट पदों पर भर्ती जारी, आवेदन की अंतिम तारीख 8 मई

इरकॉन में फाइनेंस असिस्टेंट पदों पर भर्ती जारी, आवेदन की अंतिम तारीख 8 मई

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड (इरकॉन) ने अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) के आधार पर फाइनेंस असिस्टेंट के कुल 5 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियां निकाली हैं, जिसमें यूआर के 02, ओबीसी के 1, एससी के 1, और ईडब्ल्यूएस के 1 पद शामिल हैं।

इरकॉन की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 17 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 मई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट या उससे पहले तक अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार पूर्णकालिक एमकॉम या बीकॉम की डिग्री कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ या सीए (इंटरमीडिएट)/सीएमए (इंटरमीडिएट) होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास लेखांकन, कराधान, रिटर्न दाखिल करने, ऑडिट संभालने और वित्तीय विवरण तैयार करने के क्षेत्र में कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा या इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 45,000 रुपए प्रति माह होगी।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उम्मीदवार को अपने एप्लीकेशन फॉर्म की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ 'जेजीएम/एचआरएम, आईआरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड, सी-4, डिस्ट्रिक्ट सेंटर, साकेत, नई दिल्ली-110017' पते पर 14 मई तक या उससे पहले डाक करना होगा।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी