लखनऊ, 15 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के लिए आकाश महाराज सिंह ने अपना पहला मैच खेला। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अपने पहले मैच में ही प्रभावी गेंदबाजी की और 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए। विकेट लेने का जश्न मनाते हुए आकाश को पॉकेट से पर्चा निकालते हुए देखा गया।
सीएसके की पारी समाप्त होने के बाद उस नोट के बारे में आकाश ने कहा, "मेरा मानना हमेशा से सिंपल रहा है—अगर आपकी वर्क एथिक और मानसिकता मजबूत है, तभी आप हावी हो सकते हैं। मुझे लगता है कि यह मुझे मोटिवेट करता है। इसके पीछे कोई गहरी कहानी नहीं है। मैंने कुछ ऐसा लिखा था जैसे ‘अक्की को टी20 क्रिकेट में विकेट लेना आता है।' यह मुझे गेम के दौरान मोटिवेट करता है। कभी-कभी ये चीजें काम करती हैं, कभी-कभी नहीं, लेकिन अगर कोई चीज मुझे मोटिवेटेड रहने और बेहतर परफॉर्म करने में मदद करती है, तो मैं उसे करने को तैयार हूं। मेरे लिए यही सबसे ज्यादा मायने रखता है।"
उन्होंने कहा, "मुझे पता है कि मैं खुद को अच्छी तरह से एक्सप्रेस करता हूं, और लोग भी मुझसे यही कहते हैं। सच कहूं तो, यह उस माहौल के बारे में है जो आप अपने आसपास बनाते हैं। मैं यह समझने में समय बिताता हूं कि चैंपियन कैसे सोचते हैं और कैसे कड़ी मेहनत करते हैं।"
युवा गेंदबाज ने कहा, उनका अप्रोच क्लैरिटी और एग्रेशन पर बना था, जिसका मकसद बल्लेबाज से आगे सोचना था। मेरा माइंडसेट हमेशा बड़े विकेट लेने का होता है क्योंकि जब आप आईपीएल में आते हैं, तो आपको सिर्फ खेलने नहीं आना चाहिए - आपको डॉमिनेट करना चाहिए। वह माइंडसेट बहुत जरूरी है। अगर आप ऐसा नहीं सोचते हैं, तो इस तरह की लीग में जहां बल्लेबाजी हर दिन मजबूत होती जा रही है, आप हमेशा पीछे रहेंगे।
उन्होंने कहा, "आपको स्किल के मामले में एक कदम आगे रहने की जरूरत है, लेकिन साथ ही मेंटल साइड मेरे लिए बहुत मायने रखती है। अगर आप इस गेम में मेंटली डॉमिनेट नहीं करते हैं, तो आप लगातार आगे नहीं बढ़ सकते। इसलिए मेरा तरीका हमेशा हावी होने का होता है और सच कहूं तो बैटर का नाम मेरे लिए ज्यादा मायने नहीं रखता।"
अपने स्पेल के बारे में आकाश ने कहा, "मैं खुश था। जब आप आईपीएल में नियमित तौर पर नहीं खेल रहे होते हैं, तो आपको लगातार खुद को पुश करते रहना होता है। पूरे सीजन और ऑफ-सीजन में भी, मैं कड़ी मेहनत करता रहा, अभ्यास करता रहा और जो कुछ भी मेरे नियंत्रण में था उस पर फोकस करता रहा। शुक्र है मैच में मेरा अभ्यास काम कर गया। मैं विकेट की जरूरत के हिसाब से और बल्लेबाज की कमजोरियों के हिसाब से गेंदबाजी करने की कोशिश कर रहा था। आईपीएल में आप एक ही प्लान के साथ लगातार गेम नहीं खेल सकते क्योंकि टीमें आपको बहुत जल्दी स्टडी करती हैं।"
उन्होंने कहा, "हमें पिछले गेम से पता था कि उन्होंने कैसे दबदबा बनाया था और उनकी कमजोरियां कहां थीं, इसलिए मेरी कोशिश थी कि मैं अपने स्टाइल को उन एरिया के साथ मिलाऊं और उसी हिसाब से काम करूं। यही प्लान था और शुक्र है कि यह काम कर गया।"
आकाश महाराज सिंह ने ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन और उर्विल पटेल का विकेट लिया। आकाश के सीजन का यह पहला मैच था।
--आईएएनएस
पीएके