आईपीएल: 145 मुकाबलों में 183 विकेट, जानिए सीजन-दर-सीजन कैसा रहा बुमराह का प्रदर्शन?

आईपीएल: 145 मुकाबलों में 183 विकेट, जानिए सीजन-दर-सीजन कैसा रहा बुमराह का प्रदर्शन?

नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह लगातार 13वें सीजन में मुंबई इंडियंस (एमआई) की ओर से खेलने जा रहे हैं। बुमराह ने अब तक 145 आईपीएल मैच खेले हैं, जिसमें 22.02 की औसत के साथ 183 विकेट निकाले, जिसमें 2 बार पारी में फाइव विकेट हॉल हासिल किया। बुमराह ने 4 बार आईपीएल के एक ही सीजन में 20 विकेट के आंकड़े को छुआ है। आइए, सीजन-दर-सीजन उनके प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

बुमराह साल 2013 में पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेले थे। उन्हें पहले सीजन में सिर्फ 2 ही मुकाबलों में उतारा गया, जिसमें कुल 42 गेंदें फेंकी। इस दौरान उन्होंने 3 विकेट हासिल किए। अगले सीजन बुमराह को 11 मुकाबलों में मौका दिया गया, लेकिन अपने प्रदर्शन से फैंस को निराश किया। इस सीजन उन्हें सिर्फ 5 ही सफलताएं हाथ लगीं।

आईपीएल 2015 में बुमराह ने मुंबई इंडियंस की ओर से 4 मुकाबले खेले, जिसमें 3 विकेट ही निकाल सके। आईपीएल में बुमराह का स्वर्णिम काल साल 2016 से शुरू हुआ। इस साल उन्होंने 14 मुकाबलों में 15 विकेट निकाले। साल 2017 में बुमराह ने 16 मुकाबलों में 22 की औसत के साथ 20 विकेट हासिल किए। आईपीएल 2018 में बुमराह के नाम 14 मुकाबलों में 17 विकेट रहे।

आईपीएल 2019 में बुमराह ने 16 मैच खेले, जिसमें 21.52 की औसत के साथ 409 रन देकर 19 विकेट निकाले। आईपीएल 2020/21 में बुमराह ने मुंबई इंडियंस की तरफ से 15 मैच खेलते हुए 27 विकेट चटकाए।

आईपीएल 2021 में एक बार फिर बुमराह का प्रदर्शन शानदार रहा, जिन्होंने 14 मुकाबलों में 410 रन देकर 21 विकेट हासिल किए। अगले सीजन बुमराह ने 14 मैच खेले, जिसमें 15 विकेट हासिल किए। आईपीएल 2022 में बुमराह ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के विरुद्ध एक ही मैच में महज 10 रन देकर 5 विकेट निकाले थे।

आईपीएल 2024 में इस तेज गेंदबाज ने 13 मुकाबलों में 20 विकेट प्राप्त किए। इस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ एक ही पारी में 21 रन देकर 5 विकेट निकाले। आईपीएल 2025 में 12 मैच खेलकर 17.55 की औसत के साथ 18 विकेट अपने नाम किए।

--आईएएनएस

आरएसजी