नोएडा, 7 मई (आईएएनएस)। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनियों में शामिल इंडिगो ने घोषणा की है कि वह नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपनी वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बनेगी। उत्तर प्रदेश के जेवर में विकसित यह नया एयरपोर्ट 15 जून 2026 से संचालन शुरू करेगा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का तीसरा प्रमुख एयरपोर्ट बन जाएगा।
इंडिगो की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, एयरलाइन चरणबद्ध तरीके से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के 16 से अधिक शहरों से सीधे जोड़ेगी। इनमें बेंगलुरु, हैदराबाद, लखनऊ, अमृतसर, चंडीगढ़, धर्मशाला, जयपुर, नवी मुंबई, पंतनगर और श्रीनगर जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं। कंपनी का कहना है कि इससे दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को अधिक विकल्प और बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी।
एयरलाइन ने बताया कि नई उड़ानों की बुकिंग उसकी आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अधिकृत ट्रैवल पार्टनर्स के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से शुरू की जा रही है। इंडिगो का लक्ष्य इस एयरपोर्ट को भविष्य में एक बड़े घरेलू और अंतरराष्ट्रीय एविएशन हब के रूप में विकसित करना है।
इंडिगो के चीफ स्ट्रेटेजी ऑफिसर आलोक सिंह ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर के लिए एक नए प्रवेश द्वार के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा कि भारत के बड़े महानगर अब मल्टी-एयरपोर्ट सिस्टम की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और इंडिगो को गर्व है कि वह अब दिल्ली-एनसीआर के तीनों एयरपोर्ट- आईजीआई एयरपोर्ट, हिंडन एयरपोर्ट और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट- से अपनी सेवाएं देगी।
उन्होंने कहा कि एयरलाइन यात्रियों को किफायती, समयनिष्ठ और बिना परेशानी वाली यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी आने वाले समय में अपने नेटवर्क का और विस्तार करेगी।
बता दें कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं में शामिल है। एयरपोर्ट को सड़क और रेल नेटवर्क से जोड़ते हुए मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी के मॉडल पर विकसित किया जा रहा है। इससे दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, आगरा, मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
15 जून को शुरू होने वाली उद्घाटन उड़ानों में लखनऊ से नोएडा के लिए सुबह 7:05 बजे उड़ान प्रस्थान करेगी, जो 8:05 बजे पहुंचेगी। इसके बाद नोएडा से बेंगलुरु के लिए भी विशेष उद्घाटन उड़ान संचालित की जाएगी। इंडिगो की इस पहल को भारत के तेजी से बढ़ते एविएशन सेक्टर और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी