इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5: करिश्मा कपूर-जावेद जाफरी समेत ये सितारे बनेंगे जज, 'इंडिया वाला डांस' के साथ लौटेगा मंच

इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5: करिश्मा कपूर-जावेद जाफरी समेत ये सितारे बनेंगे जज,'इंडिया वाला डांस' के साथ लौटेगा मंच

मुंबई, 5 मई (आईएएनएस)। देश में डांस रियलिटी शोज का क्रेज हमेशा से ही खास रहा है। इसी कड़ी में अब एक बार फिर मशहूर डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर' अपने पांचवें सीजन के साथ लौटने जा रहा है। इस बार शो को और भी खास बनाने के लिए जज पैनल में कई बड़े नाम शामिल किए गए हैं, जिससे दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।

इस नए सीजन में बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर, अभिनेता और डांसर जावेद जाफरी, मशहूर कोरियोग्राफर गीता कपूर और टेरेंस लुईस जज की भूमिका में नजर आएंगे।

करिश्मा कपूर ने शो में वापसी को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, ''इस मंच पर लौटना मेरे लिए घर लौटने जैसा है। इस शो में आने वाला हर डांसर अपने साथ अपनी भावनाएं और संस्कृति लेकर आता है। मैं एक बार फिर से डांसर्स के जुनून और मेहनत को करीब से देखने के लिए उत्साहित हूं।''

वहीं, जावेद जाफरी ने भी लंबे समय बाद जज की कुर्सी पर लौटने को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "करीब एक दशक बाद इस तरह के शो में लौटना मेरे लिए बहुत खास है। मैं परफेक्ट स्टेप्स नहीं, बल्कि डांसर में वह ऊर्जा और अलग पहचान भी तलाश करता हूं, जो दर्शकों को बांधकर रखे।"

इस बार शो की खास थीम 'इंडिया वाला डांस' रखी गई है, जो देश की विविधता और संस्कृति को दर्शाएगी। शो को हर्ष लिम्बाचिया होस्ट करेंगे। इस सीजन में अलग-अलग डांस फॉर्म्स को सामने लाया जाएगा, जिसमें बॉलीवुड स्टाइल के साथ-साथ पारंपरिक नृत्य भी शामिल होंगे।

गीता कपूर ने शो के बारे में बात करते हुए कहा, ''हर सीजन के साथ इस शो का स्तर और भी ऊंचा होता जा रहा है, लेकिन इसकी असली पहचान 'इंडिया वाला डांस' ही है। मैं ऐसे डांसर्स की तलाश में हूं, जो सिर्फ अपने पैरों से नहीं, बल्कि दिल से डांस करें। असली डांस वही होता है जो सीधे दिल तक पहुंचे।''

टेरेंस लुईस ने भी डांस को लेकर अपनी सोच साझा की। उन्होंने कहा, ''कोई भी डांसर तकनीक सीख सकता है, लेकिन असली कला तब सामने आती है जब उसमें भावनाएं जुड़ी हों। मेरा मानना है कि केवल सही मूव्स करना काफी नहीं होता, बल्कि डांस में आत्मा और अभिव्यक्ति भी होनी चाहिए, तभी वह लोगों के दिलों को छू पाता है।''

'इंडियाज बेस्ट डांसर 5' शो 9 मई से सोनी एंटरटेनमेंट टेलिविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होगा।

--आईएएनएस

पीके/डीएससी