नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी करना लाखों युवाओं का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए इंटेलिजेंट कम्युनिकेशन सिस्टम्स इंडिया (आईसीएसआईएल) ने मल्टीटास्किंग स्टाफ (एमटीएस), पर्सनल असिस्टेंट (पीए) और डाटा एंट्री ऑपरेटर (डीईओ) के 1-1 पद पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।
आईसीएसआईएल की ओर से जारी पोस्ट पर जो उम्मीदवार नियुक्त होना चाहते हैं, उनके पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान/बोर्ड/विश्वविद्यालय से 10वीं उत्तीर्ण, 12वीं उत्तीर्ण/किसी भी विषय में ग्रेजुएशन के साथ शॉर्टहैंड में 80 शब्द प्रति मिनट, टाइपिंग की गति 30 शब्द प्रति मिनट, कंप्यूटर का व्यावहारिक ज्ञान (माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस), टाइपिंग गति लगभग 27 शब्द प्रति मिनट होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू/बातचीत, शॉर्टलिस्टिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 18,456 से 24,356 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी।
वॉक-इन इंटरव्यू मल्टीटास्किंग स्टाफ (एमटीएस) पद के लिए 21 मई को और पर्सनल असिस्टेंट (पीए) और डाटा एंट्री ऑपरेटर (डीईओ) पदों के लिए 22 मई को सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक 'एसआरडीसी कार्यालय, जीएनसीटीडी, द्वितीय तल, ए-विंग, विकास भवन-II, सिविल लाइन्स, दिल्ली-110054' पते पर आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें केंद्र पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट की मूल और उनकी फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।
वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) करते समय आवेदकों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सभी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 590 रुपए तय किया गया है। वहीं, कैंडिडेट्स को भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आईसीएसआईएल की ओर से संबंधित पद के लिए जारी नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी