दुबई, 5 मई (आईएएनएस)। श्रीलंकाई कप्तान चामरी अटापट्टू ने हालिया शानदार प्रदर्शन के साथ आईसीसी विमेंस टी20 रैंकिंग में शानदार बढ़त हासिल की है। अटापट्टू को टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में तीन स्थान का फायदा मिला है, जबकि ऑलराउंडर्स की सूची में उन्होंने 2 स्थानों की छलांग लगाई है।
चामरी अटापट्टू को बांग्लादेश के खिलाफ श्रीलंका की 3-0 की शानदार जीत में 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया था। इस अनुभवी खिलाड़ी ने तीन पारियों में कुल 115 रन बनाने के अलावा, चार विकेट भी लिए थे।
इस हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में चामरी 41वें स्थान पर पहुंच गई हैं। इसके अलावा, ऑलराउंडर्स की सूची में भी उन्होंने तीसरे स्थान पर कब्जा जमा लिया है। इसी के साथ अटापट्टू ने भारत की दीप्ति शर्मा और ऑस्ट्रेलिया की एश गार्डनर को पछाड़ दिया है। ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में अब उनसे आगे सिर्फ न्यूजीलैंड की कप्तान एमी केर और वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज ही हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ इसी सीरीज में श्रीलंकाई टीम की सफलता का इनाम कई अन्य खिलाड़ियों को भी मिला है। टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में हर्षिता समरविक्रमा पांच स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 20वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि इमेषा दुलानी ने 23 स्थानों की लंबी छलांग लगाते हुए 49वां स्थान हासिल किया है।
वहीं, गेंदबाजी रैंकिंग की बात करें तो कविशा दिलहारी दो स्थान ऊपर चढ़कर 17वें स्थान पर पहुंच गई हैं, और माल्की मदारा 11 स्थान ऊपर चढ़कर 44वें स्थान पर पहुंची हैं।
सीरीज हारने के बावजूद, बांग्लादेश के भी कई खिलाड़ियों की रैंकिंग में उत्साहजनक सुधार देखने को मिला है। टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में शर्मिन अख्तर 10 स्थान ऊपर चढ़कर 37वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि दिलारा अख्तर और शोर्ना अख्तर क्रमशः 55वें और संयुक्त रूप से 62वें स्थान पर पहुंच गई हैं। गेंदबाजी रैंकिंग में सुल्ताना खातून ने सबसे बड़ी छलांग लगाई है, जो 48 स्थान ऊपर चढ़कर 38वें पायदान पर पहुंच गई हैं।
इस बीच, कराची में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मुकाबलों की सीरीज में पाकिस्तान की जबरदस्त शुरुआत के बाद, ताजा वनडे रैंकिंग में भी बदलाव देखने को मिला। पाकिस्तान ने 168 रनों की बड़ी जीत हासिल करते हुए 1-0 की बढ़त बना ली, और इस ताजा रैंकिंग में उसके खिलाड़ियों को फायदा हुआ।
वनडे फॉर्मेट में बल्लेबाजों की रैंकिंग में सिदरा अमीन तीन पायदान ऊपर चढ़कर 11वें स्थान पर पहुंच गईं, जबकि सदफ शमास ने बल्लेबाजी क्रम में सबसे ऊपर आकर 98 रनों की शानदार पारी खेली, जिससे उन्हें 12 स्थानों का फायदा हुआ और वे 72वें स्थान पर पहुंच गईं।
गेंदबाजों में, नाशरा संधू एक पायदान ऊपर चढ़कर 11वें स्थान पर पहुंच गईं, जबकि कप्तान फातिमा सना दो पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 26वें स्थान पर पहुंच गई हैं। सना ने वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में भी प्रगति की, दो पायदान ऊपर चढ़कर 15वें स्थान पर पहुंच गईं।
--आईएएनएस
आरएसजी