एचयूएल का मुनाफा वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में करीब 4 प्रतिशत घटा, शेयर 5 प्रतिशत से अधिक लुढ़का

एचयूएल का मुनाफा वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में करीब 4 प्रतिशत घटा, शेयर 5 प्रतिशत से अधिक लुढ़का

मुंबई, 28 जुलाई (आईएएनएस)। देश की दिग्गज एफएमसीजी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) ने मंगलवार को वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का स्टैंडअलोन मुनाफा अप्रैल-जून अवधि में सालाना आधार पर करीब 4 प्रतिशत घटकर 2,631 करोड़ रुपए रहा है। पिछले साल समान अवधि में कंपनी को 2,732 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था।

कंसोलिडेटेड आधार पर भी वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में कंपनी के मुनाफे में गिरावट देखी गई है और यह 3.17 प्रतिशत घटकर 2,680 करोड़ रुपए रह गया है, जो कि एक वर्ष पहले समान अवधि में 2,741 करोड़ रुपए पर था।

मुनाफा गिराने की वजह मध्य पूर्व में अस्थिरता बढ़ने से कंपनी की लागत बढ़ने को माना जा रहा है।

इस दौरान कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 9.8 प्रतिशत बढ़कर 17,529 करोड़ रुपए हो गई है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 15,958 करोड़ रुपए पर थी।

वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में कंपनी का खर्च सालाना आधार पर 10 प्रतिशत बढ़कर 13,822 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 12,565 करोड़ रुपए पर था।

हिंदुस्तान यूनिलीवर की सीईओ और एमडी प्रिया नायर ने कहा, “वैश्विक भू-राजनीतिक अस्थिरता के बावजूद, भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूती दिखाई, जिसे सरकार और केंद्रीय बैंक की सक्रिय राजकोषीय तथा मौद्रिक नीतियों का समर्थन मिला। तिमाही के दौरान मांग स्थिर रही।”

उन्होंने कहा, “यह प्रदर्शन हमारे ब्रांडों की मजबूती, हमारे उत्पाद पोर्टफोलियो की बढ़ती प्रतिस्पर्धात्मकता और हमारी रणनीतिक प्राथमिकताओं के अनुशासित क्रियान्वयन को दर्शाता है। बाजार विकास, वितरण चैनलों के विस्तार और पोर्टफोलियो में किए जा रहे हमारे निवेश हमें दीर्घकालिक विकास के लिए और अधिक मजबूत स्थिति में ला रहे हैं।”

नतीजों के बाद एचयूएल के शेयर में गिरावट देखी गई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर यह दोपहर 12 बजे 5.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,052 रुपए पर थे।

--आईएएनएस

एबीएस