होली उत्‍सव : मुजफ्फरपुर में 'मोदी मास्क' का क्रेज, बाजारों में आउट ऑफ स्टॉक

होली उत्‍सव: मुजफ्फरपुर में पीएम मोदी के मुखौटे का क्रेज, बाजारों में मास्‍क आउट ऑफ स्टॉक

मुजफ्फरपुर, 2 मार्च (आईएएनएस)। रंगों का पर्व होली को लेकर लोगों में खासा उत्‍साह देखने को मिल रहा है। होली के पावन अवसर पर बाजारों में रौनक है। रंग-गुलाल और पिचकारियों की दुकानें सज गई हैं। होली के मद्देनजर मुजफ्फरपुर के बाजारों में जबरदस्त रौनक है।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा (मोदी मास्क) पिछले करीब 10 दिनों से बाजार में आउट ऑफ स्टॉक बताया जा रहा है।

शहर के प्रसिद्ध छाता बाजार स्थित रंग-पिचकारी होलसेल मंडी के दुकानदारों का कहना है कि भारी मांग के कारण 'मोदी मास्क' खत्म हो गया है। व्यापारियों के अनुसार, उन्होंने दोबारा मंगाने की कोशिश की, लेकिन दिल्ली के सप्लायर ने भी पर्याप्त स्टॉक न होने की बात कही।

दुकानदारों ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि इस बार पारंपरिक पिचकारी की जगह टैंक पिचकारी, हाई-प्रेशर गन और चार्जेबल इलेक्ट्रिक पिचकारी की मांग ज्यादा है। आधुनिक डिजाइन और अधिक प्रेशर वाली गन बच्चों और युवाओं को आकर्षित कर रही हैं।

दुकानदार अमित कुमार ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “इस साल अच्छी रेंज आई है। हाई प्रेशर गन, टैंकर और इलेक्ट्रिक गन खूब बिक रही हैं। मास्क भी कई वैरायटी में आए हैं, लेकिन 'मोदी मास्क' की खास डिमांड रही, जो अब उपलब्ध नहीं है।”

एक अन्य व्यापारी इरशाद अहमद ने बताया कि खिलौनों और पंप वाली पिचकारी के अलावा इस बार यूनिक आइटम आए हैं, लेकिन 'मोदी मास्क' की मांग इतनी ज्यादा रही कि होली से करीब 10 दिन पहले ही स्टॉक खत्म हो गया।

दुकानदार मंटू ने कहा कि चार दिन पहले 'मोदी मास्क' की एक खेप आई थी, जो तुरंत बिक गई। फिलहाल दुकान में गुलाल, पिचकारी, इलेक्ट्रिक गन और इलेक्ट्रिक टैंक जैसे अन्य सामान उपलब्ध हैं। उनके मुताबिक, इस बार इलेक्ट्रिक पिचकारी खास ट्रेंड में है।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम