मुंबई, 15 जुलाई (आईएएनएस)। टीवी की दुनिया में अपने दमदार किरदारों से पहचान बनाने वाले अभिनेता विजयेंद्र कुमेरिया अब अपने नए शो 'जुही मुई' को लेकर चर्चा में हैं। इस बीच उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए फैंस के एक ऐसे सवाल का जवाब दिया, जो अक्सर उनसे पूछा जाता हैं।
दरअसल, फैंस सोशल मीडिया के जरिए उनसे सबसे ज्यादा यही सवाल करते है कि उन्होंने अब तक रियलिटी टीवी शोज से दूरी क्यों बनाए रखी है। इस पर इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि एक्टिंग उनकी हमेशा से प्राथमिकता रही है, लेकिन ऐसा नहीं है कि वह कभी रियलिटी शो का हिस्सा नहीं बनेंगे।
आईएएनएस से बातचीत में विजयेंद्र कुमेरिया ने बताया कि आज के समय में दर्शकों के पास कलाकारों की निजी जिंदगी से जुड़ने के कई तरीके मौजूद हैं। सोशल मीडिया, यूट्यूब और मीडिया इंटरव्यू के जरिए फैंस अपने पसंदीदा कलाकारों को पर्दे के पीछे भी जान पाते हैं।
विजयेंद्र ने कहा, ''जो लोग आपके काम को पसंद करते हैं और आपके फैंस हैं, वे आपके बारे में ज्यादा जानना चाहते हैं। आज सोशल मीडिया है, यूट्यूब है, मीडिया इंटरव्यू हैं और बीटीएस की चीजें भी दिखाई जाती हैं। ये सभी चीजें कलाकारों और फैंस के बीच एक जुड़ाव बनाने का काम करती हैं। लेकिन रियलिटी शो इन सभी माध्यमों से थोड़ा अलग होते हैं, क्योंकि वहां दर्शकों को कलाकार के व्यक्तित्व और निजी जिंदगी को करीब से देखने का मौका मिलता है। इसमें आपकी सोच, आपका व्यवहार और आपका असली व्यक्तित्व ज्यादा सामने आता है।''
जब आईएएनएस ने विजयेंद्र से पूछा कि क्या वह कभी रियलिटी टीवी की दुनिया में कदम रखना चाहेंगे, तो इस पर उन्होंने कहा कि अभी तक उन्हें इसे एक्सप्लोर करने का ज्यादा मौका नहीं मिला है।
विजयेंद्र ने कहा, "सौभाग्य से या दुर्भाग्य से, मैंने अभी तक रियलिटी शोज को एक्सप्लोर नहीं किया है। मैं हमेशा अभिनय में व्यस्त रहा हूं, और एक्टिंग ऐसी चीज है, जिसे मैं सच में बहुत पसंद करता हूं। अभिनय मेरा पहला प्यार है।"
उन्होंने कहा, ''जब भी मुझे फिक्शन और नॉन-फिक्शन में से किसी एक को चुनना पड़ा, मैंने हमेशा फिक्शन को चुना, क्योंकि किरदार निभाना और कहानियों का हिस्सा बनना मुझे ज्यादा पसंद है। मुझे कुछ नॉन-फिक्शन शोज के ऑफर जरूर मिले थे, लेकिन उस समय मैं किसी दूसरे प्रोजेक्ट में व्यस्त था। लेकिन ऐसा नहीं है कि मैं भविष्य में रियलिटी शो का हिस्सा नहीं बनूंगा।''
उन्होंने कहा, ''मेरा मानना है कि जिंदगी में कभी किसी चीज को पूरी तरह से मना नहीं करना चाहिए। इसलिए मेरा नजरिया 'कभी ना मत कहो' वाला है। हो सकता है कि आगे चलकर मैं रियलिटी शोज को जरूर आजमाऊं, लेकिन अभी भी जो चीज मुझे सबसे ज्यादा आकर्षित करती है, वह फिक्शन है।''
--आईएएनएस
पीके/एएस