भारत के एआई, फिनटेक और कंटेंट जैसे क्षेत्रों में निवेश करेंगी दक्षिण कोरियाई कंपनियां, लॉन्च किया 476.4 मिलियन डॉलर का फंड

भारत के एआई, फिनटेक और कंटेंट जैसे क्षेत्रों में निवेश करेंगी दक्षिण कोरियाई कंपनियां, लॉन्च किया 476.4 मिलियन डॉलर का फंड

सोल/नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। दिग्गज दक्षिण कोरियाई कंपनी नावेर ने मंगलवार को कहा कि वह क्राफ्टन और मिराए एसेट ग्रुप जैसी कंपनियों के साथ मिलकर भारत के एआई, फिनटेक और कंटेंट जैसे क्षेत्रों में निवेश करने के लिए 700 अरब वॉन (476.4 मिलियन डॉलर) का फंड बनाया है।

नेवर के अनुसार, तीनों कंपनियों ने राष्ट्रीय राजधानी में यूनिकॉर्न ग्रोथ फंड (यूजीएफ) को भारतीय कंपनियों और वेंचर कैपिटल फर्मों से परिचित कराने के लिए एक कार्यक्रम का सह-आयोजन किया, जिसमें दक्षिण कोरियाई उद्योग मंत्री किम जंग-क्वान, नेवर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) चोई सू-येओन, क्राफ्टन के सीईओ किम चांग-हान और मिराए एसेट इन्वेस्टमेंट मैनेजर्स इंडिया के उपाध्यक्ष स्वरूप मोहंती ने भाग लिया।

दक्षिण कोरियाई समाचार एजेंसी योनहाप के अनुसार, यूजीएफ की स्थापना इस साल की शुरुआत में क्राफ्टन द्वारा 200 अरब वॉन के निवेश के साथ की गई थी, जिसके बाद नेवर और मिराए एसेट ने संयुक्त रूप से 500 अरब वॉन का योगदान दिया। इन कंपनियों ने इस फंड को 1 लाख करोड़ वॉन तक बढ़ाने पर सहमति जताई है।

नेवर ने कहा कि इस फंड का उद्देश्य भारत में एआई, फिनटेक और कंटेंट क्षेत्रों में उच्च क्षमता वाली टेक्नोलॉजी कंपनियों में निवेश करना है।

चोई ने कहा, "अपने बड़े आईटी टैलेंट और डायनामिक स्टार्टअप इकोसिस्टम के बल पर, भारत अपने एआई इंडस्ट्री इकोसिस्टम का विस्तार करते हुए ग्लोबल डिजिटल इनोवेशन के केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है।"

उन्होंने आगे कहा, "यूजीएफ उच्च विकास वाली तकनीकी कंपनियों में निवेश करने और तीनों कंपनियों की मुख्य क्षमताओं को मिलाकर तालमेल बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण आधार के रूप में कार्य करेगा।"

इंटरनेट क्षेत्र की दिग्गज कंपनी ने दक्षिण एशियाई देश में व्यावसायिक अवसरों का पता लगाने के लिए भारत के टाटा समूह की आईटी इकाई के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए।

नेवर के अनुसार, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के साथ यह समझौता नई दिल्ली में फेडरेशन ऑफ कोरियन इंडस्ट्रीज द्वारा आयोजित दक्षिण कोरिया-भारत व्यापार मंच के दौरान हस्ताक्षरित किया गया। इस मंच पर दक्षिण कोरिया के उद्योग मंत्री किम जंग-क्वान, नेवर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) चोई सू-येओन, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और टीसीएस के अध्यक्ष उज्ज्वल माथुर उपस्थित थे।

समझौते के तहत, नेवर और टीसीएस एआई, क्लाउड और बिजनेस-टू-कंज्यूमर (बी2सी) सेवाओं में अपनी क्षमताओं को मिलाकर एआई और डिजिटल परिवर्तन के अवसरों का लाभ उठाएंगे, जिसमें भारतीय बाजार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

--आईएएनएस

एबीएस/