नासिक केस में टीसीएस ने शामिल कर्मचारियों को सस्पेंड किया, कहा- शोषण को लेकर कंपनी में जीरो टॉलरेंस नीति

नासिक केस में टीसीएस ने शामिल कर्मचारियों को सस्पेंड किया, कहा- शोषण को लेकर कंपनी में जीरो टॉलरेंस नीति

नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने रविवार को कहा कि उसने नासिक मामले के संबंध में जांच के दायरे में आए कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है और वह अधिकारियों के साथ पूरी तरह से सहयोग कर रही है।

इसके साथ टीसीएस ने कहा कि शोषण के खिलाफ कंपनी में जीरो टॉलरेंस नीति है और जारी कार्रवाई के परिणाम के आधार पर आगे के एक्शन लिए जाएंगे।

भारत की सबसे बड़ी आईटी सेवा निर्यातक कंपनी नासिक स्थित अपनी इकाई में यौन उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन की कथित घटनाओं को लेकर कई एफआईआर दर्ज होने के बाद जांच के दायरे में आ गई है।

खबरों के मुताबिक, इस मामले में कुल नौ एफआईआर दर्ज की गई हैं। विवाद मार्च में शुरू हुआ जब एक महिला ने अपने सहकर्मी पर शादी का झूठा वादा करके शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया।

जांच के दौरान पुलिस को अतिरिक्त शिकायतें मिलीं, जिसके चलते इसी तरह के आरोपों से संबंधित आठ और एफआईआर दर्ज की गईं।

उत्पीड़न या दबाव के किसी भी रूप के प्रति अपनी "जीरो टॉलरेंस" नीति को दोहराते हुए एक आधिकारिक बयान में, टीसीएस ने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही उसने तुरंत कार्रवाई की। जांच के दायरे में आए कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है और कंपनी ने पुष्टि की है कि वह कानून प्रवर्तन अधिकारियों के साथ पूर्ण सहयोग कर रही है।

कंपनी ने आगे कहा कि आगे की कार्रवाई चल रही जांच के परिणाम पर निर्भर करेगी।

अब तक, इस मामले में कम से कम छह कर्मचारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ये गिरफ्तारियां नासिक पुलिस आयुक्त कार्यालय को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर की गईं।

इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटनाक्रम का संज्ञान लेते हुए मामले को "बेहद गंभीर" बताया है। उन्होंने नासिक पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना भी की। विस्तृत जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

--आईएएनएस

एबीएस/