अगले 10 साल में एयरटेल की बागडोर अगली पीढ़ी को सौंपना चाहता हूं: सुनील भारती मित्तल

अगले 10 साल में एयरटेल की बागडोर अगली पीढ़ी को सौंपना चाहता हूं: सुनील भारती मित्तल

नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमैन और फाउंडर सुनील भारती मित्तल ने गुरुवार को कहा कि अगले 10 वर्षों में उनकी योजना टेलीकॉम सेक्टर की इस प्रमुख कंपनी की बागडोर अगली पीढ़ी को सौंपने की है।

कंपनी की कॉन्फ्रेंस कॉल के दौरान मित्तल ने कहा, "अगर आप मुझसे सच में पूछें तो मेरी इच्छा यही है कि अगले दशक में, मुझे पता है कि इस पर वर्षों खर्च करना मुश्किल है, लेकिन जैसे-जैसे मैं उस मुकाम पर पहुंच रहा हूं जहां मैं अगली पीढ़ी और शेयरधारकों को बागडोर सौंपने वाला हूं, भारती टेलीकॉम के पास फिर से कंट्रोलिंग शेयरहोल्डिंग 51 प्रतिशत या 50 प्रतिशत से थोड़ा अधिक होनी चाहिए।"

बुधवार को मित्तल को भारती एयरटेल के अध्यक्ष के रूप में पांच साल के दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से नियुक्त किया गया, जो 1 अक्टूबर, 2026 से प्रभावी होगा। कंपनी के बोर्ड ने निसाबा गोदरेज को स्वतंत्र निदेशक के रूप में दूसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए फिर से नियुक्त करने को भी मंजूरी दी, जो इस साल 4 अगस्त से प्रभावी होगा।

भारत में एयरटेल के मोबाइल सर्विसेज क्षेत्र ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कुल राजस्व में 28,831 करोड़ रुपए का योगदान दिया, जो जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान 8.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि यह बढ़ोतरी ग्राहक आधार में इजाफे और एआरपीयू में करीब 5 प्रतिशत की वृद्धि की वजह से हुई, जिसमें पहले के 245 रुपए से बढ़कर 257 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है।

भारती एयरटेल का समेकित शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2026 की मार्च तिमाही में 33.5 प्रतिशत घटकर 7,325 करोड़ रुपए रह गया, जिसका मुख्य कारण वैधानिक और टैक्स देनदारियों से जुड़े एकमुश्त प्रावधान रहे।

हालांकि, कंपनी का सालाना राजस्व पहली बार 2 लाख करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर गया।

वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में एयरटेल का ऑपरेशंस से समेकित राजस्व 15.6 प्रतिशत बढ़कर 55,383.2 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 47,876.2 करोड़ रुपए था। कंपनी ने बताया कि इसमें अफ्रीका बिजनेस की 40 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि का बड़ा योगदान रहा।

कंपनी के जनवरी-मार्च तिमाही के नतीजे आने के एक दिन बाद गुरुवार को भारती एयरटेल के शेयरों में 3 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखी गई।

हालांकि कंपनी का शुद्ध लाभ बाजार की उम्मीदों से कम रहा, लेकिन निवेशक कंपनी की मजबूत बुनियाद को लेकर सकारात्मक बने हुए हैं। मार्च 2026 में एयरटेल ने अपने बढ़ते कारोबार के साथ 65 करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा भी पार कर लिया।

--आईएएनएस

डीबीपी