नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। भारत में स्लोवाकिया के राजदूत रॉबर्ट मैक्सियन ने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने और दोनों देशों के रक्षा उद्योगों से अतिरिक्त संभावनाओं का पता लगाने का आग्रह किया है।
आईएएनएस के साथ बातचीत में मैक्सियन ने भारत की 'मेक इन इंडिया' स्कीम की तारीफ की और कहा कि नई दिल्ली कई क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बन गई है। साथ ही उन्होंने स्लोवाकिया में होने वाली आईडीईबी प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए भारतीय कंपनियों को आमंत्रित किया।
जब स्लोवाकिया से भारत की डिफेंस सप्लाई चेन को मजबूत करने में उसकी भूमिका के बारे में पूछा गया, तो राजदूत ने कहा, "स्लोवाकिया डिफेंस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में एक भरोसेमंद पार्टनर है। हम 1993 में स्लोवाक गणराज्य के बनने के समय से ही डिफेंस टेक्नोलॉजी की आपूर्ति कर रहे हैं। हमने रक्षा मंत्रालय, पब्लिक सेक्टर यूनिट्स और भारतीय ऑर्डनेंस फैक्ट्रियों के साथ सहयोग किया है। हम भारत को मिलिट्री हार्डवेयर आपूर्ति करने वाले अहम आपूर्तिकर्ताओं में से एक रहे हैं। अब 30 साल बाद हालात बदल गए हैं। 'मेक इन इंडिया' पॉलिसी के तहत भारतीय डिफेंस इंडस्ट्री में स्वदेशीकरण हुआ है और भारत कई क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बन गया है।"
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्लोवाकिया की आगामी यात्रा से निवेश, व्यापार, इनोवेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, छात्रों और श्रमिकों की आवाजाही जैसे कई क्षेत्रों में आपसी संबंधों को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी की स्लोवाकिया यात्रा के दौरान भारत और स्लोवाकिया के बीच कई समझौतों और सहमति-पत्रों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री मोदी 14 से 16 जून तक स्लोवाकिया की यात्रा पर जाएंगे। 1993 में स्लोवाकिया की आजादी के बाद से किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा होगी। अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया के अपने समकक्ष रॉबर्ट फिको के साथ बातचीत करेंगे और सहयोग के नए रास्ते तलाशेंगे। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति पेलेग्रिनी के साथ भी बातचीत करेंगे।
--आईएएनएस
एबीएस