चेन्नई, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने वाली स्टार एथलीट विथ्या रामराज से तमिल सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत ने मुलाकात की। रजनीकांत ने विथ्या को उनकी शानदार कामयाबी के लिए बधाई दी। विथ्या ने इन खेलों में भारत का नाम रोशन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए, जिसमें एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक शामिल है।
मुलाकात के दौरान विथ्या के ट्रेनर नेहपाल सिंह और चेन्नई डिस्ट्रिक मास्टर्स एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष एम. शेनबागमूर्ति भी मौजूद रहे। बताया गया कि रजनीकांत ने विथ्या की उपलब्धि की सराहना की और देश को गौरवान्वित करने के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
विथ्या के लिए इन एशियाई खेलों की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक 400 मीटर बाधा दौड़ में आया कांस्य पदक रहा। इस मुकाबले में उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन के साथ मशहूर भारतीय एथलीट पी.टी. उषा का 42 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
विथ्या ने 54.75 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुए रोमांचक फाइनल में तीसरा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने 55.42 सेकंड के पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड को 0.67 सेकंड से बेहतर किया। यह रिकॉर्ड पीटी ऊषा ने 1984 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में बनाया था, जहां वह ओलंपिक फाइनल में चौथे स्थान पर रही थीं। उस मुकाबले में वह चौथे स्थान पर रही थीं और बहुत कम अंतर से पदक से चूक गई थीं। करीब चार दशक से ज्यादा समय तक उनके नाम रहा यह रिकॉर्ड अब विथ्या रामराज ने अपने नाम कर लिया है।
विथ्या ने महिलाओं की 4x400 मीटर रिले टीम का हिस्सा रहते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। भारतीय टीम में उनके साथ किरण पहल, एम.आर. पूवम्मा और प्राची शामिल थीं। टीम ने शानदार तालमेल के साथ दौड़ पूरी की और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
रिले दौड़ में विथ्या ने टीम के लिए आखिरी चरण में दौड़ लगाई। करीब 200 मीटर के बाद उन्होंने अपनी रफ्तार बढ़ाई और आखिरी चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की बढ़त को मजबूत किया। भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि बहरीन की टीम ने 3 मिनट 30.21 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया। चीन की टीम 3 मिनट 31.02 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रही।
--आईएएनएस
पीके/वीसी