स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को 'असाधारण उपलब्धि' की दी बधाई, बोले– 'ये राजनीतिक चमत्कार'

Slovakia

ब्रातिस्लावा, 15 जून (आईएएनएस)। स्लोवाकिया के पीएम रॉबर्ट फिचो ने भारत के अपने समकक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऐतिहासिक उपलब्धि की बधाई दी। भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने को उन्होंने “राजनीतिक चमत्कार” करार दिया।

ब्रातिस्लावा में पीएम मोदी के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए फिचो ने भारत में राजनीतिक स्थिरता और पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा, "इतने विविध और जटिल राजनीतिक माहौल में लगातार 12 वर्षों तक नेतृत्व बनाए रखना असाधारण उपलब्धि है।"

स्लोवाकिया के पीएम ने आगे कहा, “मैं उस राजनीतिक स्थिरता को नजरअंदाज नहीं कर सकता जिसका आप प्रतिनिधित्व करते हैं। मैं आपको बधाई देता हूं कि आप भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री हैं।”

उन्होंने आगे कहा, "यह उपलब्धि एक राजनीतिक चमत्कार के समान है, और यह भारत की लोकतांत्रिक ताकत और नेतृत्व क्षमता को दर्शाती है।"

इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी मंच से पीएम मोदी को इस उपलब्धि पर बधाई दी थी और कहा था कि यह भारत की मजबूती और नेतृत्व की निरंतरता को दर्शाता है।

नीस में भारत इनोवेट्स 2026 के उद्घाटन समारोह में उन्होंने पीएम मोदी की मौजूदगी को गौरवान्वित करने वाला क्षण बताया।

मैक्रों ने आगे कहा, "प्रधानमंत्री, मैं आपको आजाद भारत का लंबे समय तक निर्वाचित पीएम के रूप में प्रतिनिधित्व करने के लिए बधाई देता हूं। यह सफर आपके दृढ़ निश्चय और आपके देश की ताकत का बखान करता है, जो बहुत शानदार है, जिस पर हमें गर्व है।"

पिछले कुछ दिनों से देश-दुनिया के राष्ट्राध्यक्ष और विभिन्न सरकार के मुखिया प्रधानमंत्री को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं और बधाई दे रहे हैं।

पीएम मोदी इस समय स्लोवाकिया के आधिकारिक दौरे पर हैं, जो भारत की स्वतंत्रता के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली ऐसी यात्रा है। इस यात्रा के दौरान उन्होंने ब्रातिस्लावा कैसल में औपचारिक स्वागत के बाद द्विपक्षीय वार्ता की और दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा और तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

--आईएएनएस

केआर/