सोशल मीडिया से परेशान कुणाल कपूर बोले-'हर बार इससे दूर होने पर ज्यादा गुस्सा और नकारात्मकता महसूस होती है'

सोशल मीडिया से परेशान कुणाल कपूर, बोले- 'हर बार इससे दूर होने पर ज्यादा गुस्सा और नकारात्मकता महसूस होती है'

मुंबई, 10 अगस्त (आईएएनएस)। आज के दौर में सोशल मीडिया ने लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और खबरों से अपडेट रखने का काम आसान किया है लेकिन इसके कुछ दूसरे पहलू भी हैं। लगातार एक जैसी नकारात्मक खबरें, बहस और विवाद देखने से लोगों के मूड और सोच पर असर पड़ने की बात अक्सर सामने आती रही है। अब बॉलीवुड अभिनेता कुणाल कपूर ने भी सोशल मीडिया को लेकर अपने अनुभव साझा किए हैं और बताया है कि इन प्लेटफॉर्म्स पर समय बिताने के बाद वह खुद को किस तरह महसूस करते हैं।

कुणाल कपूर ने सोशल मीडिया को लेकर खुलकर अपनी बात रखी है। अभिनेता ने कहा कि जब भी वह सोशल मीडिया इस्तेमाल करने के बाद उससे बाहर निकलते हैं, तो उन्हें लगता है कि वह पहले से ज्यादा गुस्से में, विचलित और नकारात्मक हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के एल्गोरिदम को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि यह लोगों के दुनिया को देखने के नजरिए को धीरे-धीरे प्रभावित कर सकता है।

कुणाल कपूर ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ''जब भी मैं सोशल मीडिया से दूर होता हूं, तो खुद को ज्यादा गुस्से में, विचलित और निंदक महसूस करता हूं। यह जानना जरूरी है कि आप सोशल मीडिया पर किन लोगों को फॉलो कर रहे हैं। यह आपके दिमाग के 'एडिटोरियल बोर्ड' की तरह काम करता है। अगर आप सावधान नहीं हैं, तो एल्गोरिदम सबसे खराब और निराशाजनक चीजों को सामने लाकर आपके दुनिया को देखने के नजरिए को उसी हिसाब से बना सकता है।''

कुणाल ने सोशल मीडिया के एल्गोरिदम पर भी अपनी बात रखी और कहा कि इसका मकसद लोगों को गुस्से में, डरा हुआ और लगातार स्क्रॉल करते हुए बनाए रखना होता है। कुणाल के इस पोस्ट पर कई लोगों ने अपनी सहमति जताई है और अपने-अपने अनुभव भी साझा किए।

एक यूजर ने उनकी बात से सहमति जताते हुए लिखा, 'बिल्कुल। सिर्फ 20 मिनट सोशल मीडिया पर रहने के बाद ही ऐसा लगता है कि देश में कुछ भी सही नहीं है।' एक अन्य यूजर ने भी कुणाल की बात का समर्थन करते हुए लिखा, 'सहमत'।

वहीं, कुणाल कपूर के काम की बात करें तो वह जल्द ही एक बड़े प्रोजेक्ट में नजर आने वाले हैं। वह अभिनेता नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण' का हिस्सा हैं। इस फिल्म में कुणाल कपूर भगवान इंद्र का किरदार निभाते दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर लंबे समय से चर्चा बनी हुई है और इसमें बॉलीवुड के कई बड़े कलाकार नजर आने वाले हैं।

'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं जबकि साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में रवि दुबे, सनी देओल, लारा दत्ता, रकुलप्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, अरुण गोविल, इंदिरा कृष्णन और शीबा चड्ढा समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।

यह फिल्म दो हिस्सों में रिलीज की जाएगी। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में दर्शकों के सामने आएगा।

--आईएएनएस

पीके/पीएम