भारत में पहली बार धमाल मचाने आ रहे कान्ये वेस्ट, दिल्ली में होगा ऐतिहासिक कॉन्सर्ट

भारत में पहली बार धमाल मचाने आ रहे हैं कान्ये वेस्ट, दिल्ली में होगा ऐतिहासिक कॉन्सर्ट

नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)। भारत में लाइव म्यूजिक और इंटरनेशनल कॉन्सर्ट्स का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। इस कड़ी में अब लोगों के बीच अमेरिकी रैपर और सॉन्गराइटर कान्ये वेस्ट के लाइव परफॉर्मेंस को लेकर जमकर उत्साह है। यह कॉन्सर्ट कान्ये के करियर का भारत में पहला शो होगा।

कान्ये वेस्ट का यह कॉन्सर्ट 29 मार्च को राजधानी दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। आयोजन के तौर पर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को चुना गया है। यह शो तकनीक, विजुअल्स और साउंड के स्तर पर भारत के सबसे भव्य कॉन्सर्ट्स में से एक होगा।

कान्ये वेस्ट का म्यूजिक करियर हमेशा से एक्सपेरिमेंट और बदलावों से भरा रहा है। उन्होंने हिप-हॉप को पारंपरिक 'गैंगस्टर रैप' से बाहर निकालकर एक नई पहचान दी।

अटलांटा में जन्मे और शिकागो में पले-बढ़े कान्ये ने कॉलेज की पढ़ाई बीच में छोड़कर म्यूजिक को करियर चुना। शुरुआती दौर में उन्होंने बतौर म्यूजिक प्रोड्यूसर काम किया और मशहूर रैपर जे-जेड के लेबल रॉक-ए-फेला रिकॉर्ड्स से जुड़े। यहीं से उनकी 'चिपमंक सोल' प्रोडक्शन स्टाइल को पहचान मिली।

रिकॉर्डिंग आर्टिस्ट के तौर पर कान्ये का डेब्यू एल्बम 'द कॉलेज ड्रॉपआउट' बेहद सफल रहा और इसे आलोचकों से भी खूब सराहना मिली। इसके बाद उनका दूसरा एल्बम 'लेट रजिस्ट्रेशन' आया, जिसने उन्हें और ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। उन्होंने करियर में 'स्लो जैम्ज', 'गोल्ड डिगर', 'स्ट्रॉन्गर' और 'ई.टी.' जैसे कई चार्टबस्टर गाने दिए। वह तीन अलग-अलग दशकों में बिलबोर्ड हॉट 100 चार्ट पर टॉप करने वाले पहले रैपर भी बने।

कान्ये वेस्ट का नाम दुनिया के सबसे ज्यादा रिकॉर्ड बेचने वाले म्यूजिक आर्टिस्ट्स में शामिल है। अब तक उनके लगभग 160 मिलियन रिकॉर्ड्स बिक चुके हैं। वह 24 ग्रैमी अवॉर्ड जीत चुके हैं और सबसे ज्यादा सम्मान पाने वाले कलाकारों में 13वें स्थान पर हैं।

उन्हें टाइम मैगजीन ने दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किया है। रोलिंग स्टोन ने उनके छह एल्बम्स को '500 ग्रेटेस्ट एल्बम्स ऑफ ऑल टाइम' में जगह दी और उन्हें '100 ग्रेटेस्ट सॉन्गराइटर्स ऑफ ऑल टाइम' में भी शामिल किया।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम