मुंबई, 26 जून (आईएएनएस)। अभिनेता सनी देओल अपनी दमदार आवाज और पर्दे पर मजबूत किरदारों के लिए जाने जाते हैं। इस कड़ी में निर्देशक सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने अपनी आने वाली फिल्म 'इक्का' में सनी देओल के साथ काम करने के अनुभव पर खुलकर बातें साझा की।
उन्होंने आईएएनएस को बताया कि लोग सनी देओल को केवल दमदार डायलॉग बोलने वाले अभिनेता के रूप में देखते हैं, जबकि असलियत यह है कि वह हर सीन की भावना को पूरी तरह महसूस करने के बाद ही कैमरे के सामने उसे निभाते हैं।
बता दें कि 'इक्का' में सनी देओल के साथ अक्षय खन्ना भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इससे पहले दोनों साल 1999 की फिल्म 'बॉर्डर' में साथ नजर आए थे। अब करीब 26 साल बाद फिर एक साथ पर्दे पर दिखाई देंगे।
आईएएनएस से बात करते हुए सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने 'इक्का' को लेकर कहा, "सनी देओल और अक्षय खन्ना लंबे समय बाद एक साथ नजर आएंगे। दोनों कलाकारों की अभिनय शैली एक-दूसरे से बिल्कुल अलग है और यही बात इस फिल्म को और भी दिलचस्प बनाती है। जब दो अलग सोच और अलग तरीके से अभिनय करने वाले कलाकार एक ही स्क्रीन में आमने-सामने आते हैं तो उस सीन का प्रभाव अपने आप बढ़ जाता है।"
सनी देओल के बारे में विस्तार से बात करते हुए सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने कहा, ''वह बेहद भावुक अभिनेता हैं। लोग अक्सर सनी देओल के दमदार डायलॉग्स को याद रखते हैं, लेकिन उनकी आंखों का अभिनय भी उतना ही प्रभावशाली होता है। कई बार बिना कुछ बोले ही उनकी आंखें किरदार की पूरी भावना दर्शकों तक पहुंचा देती हैं। सनी किसी भी सीन को पहले उसकी पूरी भावना को समझते हैं।''
उन्होंने कहा, ''वह यह जानने की कोशिश करते हैं कि उनका किरदार उस समय क्या महसूस कर रहा है और उसके बाद डायलॉग्स को अपने अंदाज में ढालते हैं। इसलिए वह हर लाइन को महसूस करने के बाद ही कैमरे के सामने बोलना पसंद करते हैं।''
निर्देशक ने अक्षय खन्ना के अभिनय के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ''अक्षय का तरीका सनी देओल से बिल्कुल अलग है। वह पहले पूरे सीन को अपने दिमाग में समझते हैं और यह जानते हैं कि निर्देशक उनसे क्या चाहते हैं। इसके बाद वह बहुत सटीक तरीके से अभिनय करते हैं। अक्षय इतने अनुभवी अभिनेता हैं कि कई बार एक ही बार में पूरा शॉट बिल्कुल वैसा कर देते हैं जैसा निर्देशक चाहते हैं। दोनों कलाकार अपने-अपने तरीके से शानदार हैं और दोनों की अलग-अलग शैली फिल्म को खास बनाती है।''
निर्देशक ने फिल्म 'इक्का' की कहानी के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया, ''इस फिल्म में सनी देओल एक ईमानदार, सिद्धांतों पर चलने वाले और मशहूर वकील की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं अक्षय खन्ना एक ऐसे व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं, जिस पर हत्या का आरोप लगा है। कहानी में दिखाया गया है कि कभी सनी देओल के किरदार की वजह से उस व्यक्ति का जीवन पूरी तरह बदल गया था। अब दोनों अदालत में आमने-सामने होंगे, जहां सच और झूठ की लड़ाई के साथ पुराने हिसाब भी सामने आएंगे। यही टकराव फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बनने वाला है।''
फिल्म 10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
--आईएएनएस
पीके/एएस