'जूही मूई' के ऑफ एयर होने से टूटा ईशा सिंह का दिल, बोलीं- इस सफर को अभी और आगे ले जाना चाहती थी

'जूही मूई' के ऑफ एयर होने से टूटा ईशा सिंह का दिल, बोलीं- इस सफर को अभी और आगे ले जाना चाहती थी

मुंबई, 7 सितंबर (आईएएनएस)। टीवी एक्ट्रेस ईशा सिंह के लिए 'जूही मूई' सिर्फ एक सीरियल नहीं था, बल्कि ऐसा सफर था जिसमें उन्होंने अपने किरदार के साथ खुद को भी काफी हद तक जोड़ा। यही वजह है कि जब इस शो के ऑफ एयर होने की खबर सामने आई, तो ईशा के लिए इसे स्वीकार करना आसान नहीं रहा।

एक्ट्रेस का कहना है कि वह इस कहानी और अपने किरदार को अभी और आगे ले जाना चाहती थीं। उन्हें लगता है कि अभी किरदार में बहुत कुछ ऐसा था, जिसे पर्दे पर दिखाया जा सकता था। शो के खत्म होने से वह दिल से काफी दुखी हैं, लेकिन इस सफर से मिली यादों और दर्शकों के प्यार को हमेशा अपने साथ रखेंगी।

आईएएनएस को दिए एक एक्सक्लूसिव बयान में ईशा ने शो के बंद होने पर अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा, ''मैं इस समय बेहद दुखी हैं, क्योंकि मैं चाहती थी कि यह सफर अभी जारी रहे। बतौर एक्ट्रेस मेरे पास किरदार को लेकर अभी बहुत कुछ करने और समझने की गुंजाइश थी। मैं इस भूमिका में खुद को और ज्यादा तलाशना चाहती थी और दर्शकों को भी किरदार के अलग-अलग पहलू दिखाना चाहती थी। हर सफर इंसान को कुछ न कुछ सिखाकर जाता है।''

ईशा ने कहा, ''अगर 'जूही मूई' का ये सफर सच में खत्म हो रहा है, तो मैं इसे सिर्फ शो के बंद होने के तौर पर याद नहीं करना चाहती। मेरे लिए इस शो से जुड़ा प्यार, सेट पर बिताया वक्त, काम करने वाले लोग और बनी हुई यादें ज्यादा मायने रखती हैं। मैं उन फैंस का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं, जो शो को बचाने के लिए लगातार आवाज उठा रहे हैं। अगर मेरे फैंस अभी भी शो को बचाने की कोशिश कर रहे हैं तो मैं उनकी आवाज सुन रही हूं और उनकी इस कोशिश के लिए दिल से आभारी हूं।''

एक्ट्रेस ने कहा, ''जब कोई कलाकार लंबे समय तक किसी शो का हिस्सा रहता है तो वह प्रोजेक्ट धीरे-धीरे उसकी जिंदगी का हिस्सा बन जाता है। कलाकार सिर्फ कैमरे के सामने लाइन्स बोलकर अपना काम पूरा नहीं करता। वह किरदार को समझता है, उसकी भावनाओं को महसूस करता है और कई-कई घंटे सेट पर बिताता है। 'जूही मूई' का अनुभव मेरे लिए कुछ ऐसा ही रहा। मैंने शो को अपनी परफॉर्मेंस के साथ-साथ अपना समय और पूरी एनर्जी दी है। इसलिए अचानक यह सुनना कि शो खत्म होने जा रहा है, मेरे लिए काफी भावुक कर देने वाला है।''

ईशा ने कहा, ''मुझे सबसे ज्यादा इस बात का दुख है कि मैंने इस शो को खास बनाने के लिए जितनी मेहनत की, वह सफर अब अचानक रुक रहा है। एक किरदार के साथ लंबे समय तक जुड़े रहने के बाद उससे अलग होना किसी कलाकार के लिए आसान नहीं होता। मुझे लगता है कि मेरे किरदार में अभी काफी कुछ बाकी था और मैं उसे आगे बढ़ते हुए देखना चाहती थी।''

उन्होंने बताया, ''फैंस शो के ऑफ एयर होने की खबर के बाद से लगातार सोशल मीडिया पर बात कर रहे हैं। अपनी आवाज उठा रहे हैं और इसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं। दर्शकों का इस तरह अपने पसंदीदा शो और किरदार के लिए खड़ा होना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।''

ईशा ने कहा, ''एक कलाकार के लिए इससे बड़ी तारीफ शायद ही कोई हो सकती है कि दर्शक उसके किरदार को अलविदा नहीं कहना चाहते। कलाकार अक्सर सोचता है कि उसकी मेहनत दर्शकों तक पहुंच रही है या नहीं और लोग उसके निभाए किरदार से जुड़ पा रहे हैं या नहीं। ऐसे में जब दर्शक किसी किरदार को बचाने के लिए आवाज उठाते हैं तो यह कलाकार के लिए बहुत खास पल होता है। फैंस का यह प्यार मेरे लिए शब्दों में बयां करना मुश्किल है।''

'जूही मूई' में ईशा सिंह के साथ विजयेंद्र कुमेरिया मुख्य भूमिका में नजर आए। शो का प्रीमियर 29 जून 2026 को कलर्स टीवी पर हुआ था।

--आईएएनएस

पीके/वीसी