डोमिनोज इंडिया की संचालक कंपनी जुबिलेंट फूडवर्क्स का चौथी तिमाही मुनाफा 14 प्रतिशत घटा

डोमिनोज इंडिया की संचालक कंपनी जुबिलेंट फूडवर्क्स का चौथी तिमाही मुनाफा 14 प्रतिशत घटा

मुंबई, 20 मई (आईएएनएस)। भारत में डोमिनोज पिज्जा चेन संचालित करने वाली कंपनी जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड ने बुधवार को बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (क्यू4) में उसका शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 13.9 प्रतिशत घटकर 42.6 करोड़ रुपए रह गया। हालांकि, इस दौरान कंपनी की आय 6.4 प्रतिशत बढ़कर 1,679.7 करोड़ रुपए पहुंच गई।

कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि ब्याज, टैक्स, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की कमाई (ईबीआईटीडीए) 11.5 प्रतिशत बढ़कर 345 करोड़ रुपए हो गई। वहीं, ईबीआईटीडीए मार्जिन पिछले साल के 19.6 प्रतिशत से बढ़कर 20.5 प्रतिशत पर पहुंच गया।

इसके साथ ही कंपनी ने बताया कि उसने अपने निवेशकों के लिए प्रति शेयर 1.2 रुपए के डिविडेंड की घोषणा की है।

कंपनी की पिज्जा रिटेल फ्रेंचाइजी डोमिनोज इंडिया के ऑर्डर ग्रोथ में सालाना आधार पर 10.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, "असाधारण मदों से पहले जारी परिचालन से होने वाला शुद्ध लाभ (पीएटी) सालाना आधार पर 2.8 प्रतिशत घटकर 53.7 करोड़ रुपए रहा और पीएटी मार्जिन 30 बेसिस पॉइंट घटकर 3.2 प्रतिशत रह गया।"

डोमिनोज की आय में सालाना आधार पर 5 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि डिलीवरी राजस्व में साल-दर-साल 10.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई, और कुल ऑर्डर वॉल्यूम में 10.4 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई।

कंपनी ने बताया कि तिमाही के दौरान सभी ब्रांड्स में कुल 61 नए स्टोर्स जोड़े गए। इसके साथ ही भारत में कंपनी के कुल स्टोर्स की संख्या बढ़कर 2,562 हो गई।

शेयरधारकों को लिखे पत्र में कंपनी ने कहा कि ग्राहकों को किफायती विकल्प देने के लिए किए गए कदमों, जैसे फ्री डिलीवरी की न्यूनतम सीमा घटाकर 99 रुपए करना, चुनिंदा कैशबैक ऑफर और कुछ बाजारों में पैकेजिंग शुल्क हटाने के कारण औसत बिल वैल्यू में कमी देखी गई।

कंपनी की फ्राइड चिकन फास्ट फूड चेन 'पोपाइज' ने समान स्टोर बिक्री के आधार पर सालाना 28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।

कंपनी ने कहा कि उपभोक्ता मांग में नरमी के बावजूद डोमिनोज इंडिया ने पिछले दो वर्षों में अपने मध्यम अवधि के 5-7 प्रतिशत एलएफएल ग्रोथ गाइडेंस के भीतर प्रदर्शन किया है।

कंपनी के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के शुरुआती छह हफ्तों में डिलीवरी ऑर्डर की मांग मजबूत बनी हुई है और औसत बिल वैल्यू में स्थिरता के शुरुआती संकेत दिखाई दे रहे हैं।

कंपनी ने यह भी बताया कि आने वाले समय में पूंजी निवेश का बड़ा हिस्सा ग्रोथ और टेक्नोलॉजी निवेश पर केंद्रित रहेगा। साथ ही, 'पोपाइज' स्टोर्स की बढ़ती संख्या के साथ सालाना करीब 300 नए स्टोर्स जोड़ने की योजना है।

--आईएएनएस

डीबीपी