उत्तर भारत में अगले दो दिनों तक घना कोहरा, कड़ाके की ठंड जारी रहेगी : आईएमडी

उत्तर भारत में जारी रहेगी ठंड, आईएमडी

नई दिल्ली, 18 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को कहा कि अगले दो दिनों के दौरान उत्तर भारत में घना से बहुत घना कोहरा और कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। इसके बाद लोगों को कड़ाके की सर्दी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने अपने दैनिक बुलेटिन में कहा कि पंजाब के कई हिस्सों और हरियाणा, चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3-6 डिग्री सेल्सियस के बीच है। जबकि, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार के अधिकांश हिस्सों में 7-10 डिग्री सेल्सियस के बीच है।

आईएमडी ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे है। गुरुवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस लुधियाना (पंजाब) में दर्ज किया गया।

आईएमडी ने आगे कहा कि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 140-160 की गति से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं।

आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि गुरुवार से शनिवार के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में रात व सुबह में कुछ घंटों में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। रविवार और 23 जनवरी की सुबह के दौरान अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है।

आईएमडी ने आगे कहा कि गुरुवार देर रात से 23 जनवरी की सुबह तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात व सुबह के कुछ घंटों में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बने रहने की उम्मीद है। जबकि, शुक्रवार को उत्तराखंड और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है और शनिवार को उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाया रह सकता है।

आईएमडी ने आगे कहा कि शुक्रवार को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में दिन में बहुत कड़ाके की ठंड की स्थिति जारी रहने की संभावना है। शनिवार और रविवार को अलग-अलग हिस्सों में भी दिन में अधिक ठंड रहने की उम्मीद है।

आईएमडी ने कहा, ''गुरुवार और 22 जनवरी के दौरान बिहार और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में और शुक्रवार को पश्चिमी राजस्थान में ठंडे दिन से लेकर गंभीर ठंडे दिन की स्थिति जारी रहने की भी संभावना है।''

आईएमडी ने कहा, "गुरुवार-शुक्रवार को पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। वहीं, शनिवार और रविवार को शीतलहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है।"

--आईएएनएस

एफजेड/एबीएम