मुंबई, 13 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री डेलनाज ईरानी को दर्शक लंबे समय से उनके मजेदार और यादगार किरदारों के लिए जानते हैं। छोटे पर्दे से लेकर फिल्मों तक, उन्होंने कई ऐसे किरदार निभाए हैं जिनमें उनकी कॉमेडी और अभिनय का अलग अंदाज देखने को मिला। हालांकि, इस बार डेलनाज कुछ ऐसा लेकर आई हैं जो उनके लिए भी एक तरह की नई चुनौती है। नेटफ्लिक्स की हालिया सीरीज 'चुंबक' में वह एक पारसी किरदार निभा रही हैं। लेकिन इस किरदार को स्वीकार करना उनके लिए इतना आसान नहीं था।
डेलनाज ने खुलासा किया है कि उन्होंने अपने करियर में लंबे समय तक पारसी किरदारों से दूरी बनाए रखी। इसकी वजह पारसी समुदाय को पर्दे पर दिखाने का वह तरीका था, जिसमें अक्सर उनके बोलने के अंदाज, कपड़ों और हाव-भाव को जरूरत से ज्यादा बढ़ा दिया जाता है। ऐसे में जब उन्हें 'चुंबक' का प्रस्ताव मिला तो उन्हें पहली बार लगा कि इस किरदार को बिना किसी बनावटीपन के निभाया जा सकता है।
आईएएनएस से खास बातचीत में डेलनाज ने कहा, ''मैंने अपने करियर में कई चर्चित कॉमेडी किरदार निभाए हैं, लेकिन 'चुंबक' का किरदार मेरे लिए काफी अलग है। मैंने लंबे समय तक पारसी किरदार निभाने से जानबूझकर इनकार किया था। अपने पूरे करियर में मैंने सिर्फ एक पारसी किरदार निभाया था। यह किरदार साल 2004-2005 में जेडी और आतिश के शो 'बटलीावाला हाउस नंबर 43' में निभाया था। इसके बाद इतने सालों तक मैंने दोबारा इस तरह का किरदार नहीं किया।''
डेलनाज ने कहा, ''जब भी मनोरंजन जगत में पारसी को दिखाया जाता है तो कई बार उसे जरूरत से ज्यादा मजाकिया और बनावटी अंदाज में पेश किया जाता है। किरदारों को एक खास तरह से बोलते हुए दिखाया जाता है, उनके पहनावे और हावभाव को भी बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है, जो हमेशा स्वाभाविक नहीं लगता।''
उन्होंने कहा, ''सीरीज 'चुंबक' में तारापोरवाला परिवार को काफी सामान्य और सहज तरीके से दिखाया गया है। सीरीज में पांच अलग-अलग परिवारों की कहानी है और तारापोरवाला परिवार को ऐसे पारसी परिवार के रूप में दिखाया गया है, जैसे असल जिंदगी में पारसी बस्तियों में रहने वाले परिवार होते हैं। मुझे यही बात सबसे ज्यादा पसंद आई। मैं लंबे समय तक किसी ऐसे किरदार का हिस्सा नहीं बनना चाहती थीं, जिसमें किसी कम्युनिटी को केवल हंसी-मजाक या एक खास छवि तक सीमित कर दिया जाए। मेरे लिए जरूरी था कि किरदार में इंसानी पहलू हो और दर्शक उससे जुड़ सकें।''
डेलनाज ने कहा, '''चुंबक' का किरदार मेरे लिए खुद को एक अभिनेता के तौर पर चुनौती देने का मौका था। मैंने अपने ही अंदाज में खुद से कहा कि अब आगे बढ़कर यह किरदार करके देखना चाहिए और पता लगाना चाहिए कि क्या मैं एक सामान्य पारसी किरदार को सही तरीके से निभा सकती हूं। मेरे लिए यह अनुभव इसलिए भी अलग रहा क्योंकि मुझे अपने पुराने कॉमेडी किरदारों से हटकर एक ऐसी भूमिका में काम करने का मौका मिला, जिसमें हास्य के साथ किरदार की अपनी पहचान और परिवार का माहौल भी अहम है।''
बता दें कि 'चुंबक' में डेलनाज गुलशन तारापोरवाला के किरदार में नजर आ रही हैं। गुलशन एक पारसी सास हैं, जिनका स्वभाव काफी हंसमुख, चुलबुला और मजेदार है।
'चुंबक' में पांच परिवारों की अलग-अलग कहानियों को एक साथ पिरोया गया है। इसमें अलग-अलग तरह के रिश्ते, स्वभाव और पारिवारिक स्थितियां देखने को मिलती हैं।
सीरीज का प्रीमियर 10 सितंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर हुआ।
--आईएएनएस
पीके/पीएम