एस जयशंकर से मिले साइप्रस के विदेश मंत्री, भारत को व्यापारिक समझौतों की दी बधाई

एस जयशंकर से मिले साइप्रस के विदेश मंत्री, भारत को व्यापारिक समझौतों की दी बधाई

वॉशिंगटन, 4 फरवरी (आईएएनएस)। भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर अपने तीन दिवसीय दौरे पर अमेरिका में हैं। बुधवार को उन्होंने विदेश सचिव मार्को रुबियो से मुलाकात की। वहीं, साइप्रस के विदेश मंत्री कॉन्स्टेंटिनोस कोम्बोस ने भारतीय समयानुसार बुधवार को वॉशिंगटन में ही एस. जयशंकर से मुलाकात की। साइप्रस के विदेश मंत्री ने एस. जयशंकर को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच हाल ही में हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए बधाई दी।

मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर कोम्बोस ने लिखा, "वॉशिंगटन में अपने प्यारे दोस्त डॉ. एस जयशंकर से मिलकर बहुत अच्छा लगा। मैंने उन्हें अमेरिका-भारत व्यापार समझौता और ईयू-भारत एफटीए पर बधाई दी। शानदार नतीजे और असरदार डिप्लोमेसी।"

इससे पहले अक्टूबर 2025 में ईएएम जयशंकर और कोम्बोस ने नई दिल्ली में अपनी मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-साइप्रस संयुक्त एक्शन प्लान 2025-2029 की समीक्षा की थी। ईएएम जयशंकर ने कहा कि उन्होंने और कोम्बोस ने वैश्विक भूराजनीतिक स्थिति, अपने-अपने क्षेत्र में विकास और बहुपक्षीय फोरम में सहयोग पर चर्चा की।

एक्स पर एक पोस्ट में ईएएम जयशंकर ने लिखा, "आज नई दिल्ली में साइप्रस के विदेश मंत्री कॉन्स्टेंटिनोस कोम्बोस का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। हमने भारत-साइप्रस जॉइंट एक्शन प्लान 2025-2029 की समीक्षा की, जिस पर जून 2025 में पीएम नरेंद्र मोदी के साइप्रस दौरे के दौरान नेताओं ने सहमति जताई थी। जैसे ही साइप्रस 2026 में यूरोपीय संघ की अध्यक्षता की जिम्मेदारी संभालेगा, हमें भरोसा है कि भारत-ईयू के संबंध और मजबूत होंगे।"

वहीं कोम्बोस ने अपने भारत दौरे को लेकर लिखा था, "मैंने साइप्रस मुद्दे पर भारत के लंबे समय से चले आ रहे सैद्धांतिक समर्थन और अंतरराष्ट्रीय कानून को बनाए रखने के लिए फिर से हमारी सराहना की।"

--आईएएनएस

केके/जीकेटी