नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया ने सोमवार को घोषणा की कि वह 1 जुलाई 2026 से अपनी बीएमडब्ल्यू और मिनी कारों की पूरी रेंज की कीमतों में 2 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करेगा।
कंपनी ने कहा कि रुपए में गिरावट और बढ़ती लॉजिस्टिक्स लागत जैसे व्यापक आर्थिक दबावों के कारण यह फैसला लिया गया है।
कंपनी के अनुसार, कीमतों में यह बढ़ोतरी भारत में बेचे जाने वाले स्थानीय रूप से निर्मित (लोकली प्रोड्यूस्ड) वाहनों और पूरी तरह आयातित (सीबीयू) मॉडल्स दोनों पर लागू होगी।
भारत में निर्मित बीएमडब्ल्यू मॉडल्स में बीएमडब्ल्यू 2 सीरीज ग्रैन कूप, 3 सीरीज लॉन्ग व्हीलबेस, 5 सीरीज लॉन्ग व्हीलबेस, 7 सीरीज, एक्स1, एक्स3, एक्स5, एक्स7, एम340आई और आईएक्स1 लॉन्ग व्हीलबेस शामिल हैं।
इन सभी मॉडलों की कीमतों में भी 1 जुलाई से बदलाव किया जाएगा।
बीएमडब्ल्यू के आयातित (सीबीयू) पोर्टफोलियो में आई5 एम60, आई7, आई7 एम70, आईएक्स, एम440आई कन्वर्टेबल, एम2 कूप, एम4 कंपेटीशन, एम5 और एक्सएम जैसे परफॉर्मेंस और इलेक्ट्रिक वाहन शामिल हैं।
कंपनी ने बताया कि इन सभी मॉडल्स की कीमतों में भी बढ़ोतरी की जाएगी।
इस फैसले की घोषणा करते हुए बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष और सीईओ हरदीप सिंह बरार ने कहा कि भारत के लग्जरी कार बाजार में कंपनी की मजबूत मांग और प्रीमियम पहचान उसे लगातार नई उपलब्धियां हासिल करने में मदद कर रही है।
हालांकि, बढ़ती लागत के दबाव के कारण कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया है।
उन्होंने कहा, "मजबूत मांग और हमारे बेहतरीन उत्पादों की रेंज बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया को लग्जरी मोबिलिटी क्षेत्र में लगातार नए मानक स्थापित करने में सक्षम बनाती है।"
हरदीप सिंह बरार ने कहा कि कीमतों में यह बढ़ोतरी कंपनी के प्रीमियम गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने और ग्राहकों को विश्वस्तरीय सेवा प्रदान करने के लिए जरूरी है।
उन्होंने कहा, "यह संशोधन सुनिश्चित करेगा कि ग्राहकों को वही बेहतरीन इंजीनियरिंग और विश्वस्तरीय सेवा मिलती रहे जिसकी वे बीएमडब्ल्यू से उम्मीद करते हैं।"
बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया ने यह भी बताया कि उसकी वित्तीय सेवा शाखा ग्राहकों को कई आकर्षक फाइनेंसिंग विकल्प उपलब्ध कराती है।
बीएमडब्ल्यू स्मार्ट फाइनेंस कार्यक्रम के तहत ग्राहकों को लचीली ईएमआई, चुनिंदा मॉडलों पर कम ब्याज दर, सुनिश्चित बाय-बैक विकल्प और लोन अवधि पूरी होने पर कई अन्य सुविधाएं दी जाती हैं।
कंपनी ने कहा कि यह योजना ग्राहकों को लग्जरी कार खरीदने का अनुभव और अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद करती है।
--आईएएनएस
डीबीपी