आयुष्मान खुराना को 'पाजी' कहते हैं सुहैल नायर, म्यूजिक और मीम्स ने बनाया खास बॉन्ड

आयुष्मान खुराना को 'पाजी' कहते हैं सुहैल नायर, म्यूजिक और मीम्स ने बनाया खास बॉन्ड

मुंबई, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। एक्टर सुहैल नायर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'उड़ता तीर' को लेकर चर्चा में हैं। इस बीच आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में उन्होंने शूटिंग के दौरान अपने को-स्टार आयुष्मान खुराना के साथ बनी खास बॉन्डिंग को लेकर बात की। सुहैल ने बताया कि वह और आयुष्मान अक्सर एक-दूसरे के साथ नए गाने शेयर करते हैं और मजेदार मीम्स भी भेजते रहते हैं।

फिल्म के प्रमोशन के दौरान आईएएनएस से बातचीत में सुहैल ने आयुष्मान के साथ अपनी दोस्ती के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ''हम जो भी नया म्यूजिक सुनते हैं, उसे एक-दूसरे के साथ शेयर करते हैं। कई बार मैं उनसे कहता हूं, 'एक गाना आने वाला है, मुझे लगता है आपको पसंद आएगा।' वह भी मेरे साथ म्यूजिक शेयर करते हैं। कभी मैं उन्हें कोई गाना भेजता हूं और कभी वह मुझे ऐसा गाना भेजते हैं, जिसे ज्यादातर लोगों ने नहीं सुना होता। वह कहते हैं कि इसमें अलग तरह का साउंड है। आयुष्मान सच में एक शानदार आर्टिस्ट हैं।''

सुहैल ने कहा, ''हम मीम्स भी शेयर करते रहते हैं। इसलिए हमारा रिश्ता बहुत अच्छा है और मैं इसे सच में संजोकर रखता हूं। मैं एक इंसान और एक एक्टर, दोनों के तौर पर उनकी बहुत इज्जत करता हूं। मुझे लगता है कि मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि मुझे आयुष्मान के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला। मैं उन्हें 'पाजी' कहता हूं। हमारे बीच एक अच्छी बॉन्डिंग है। जब आप किसी के साथ नेचुरली वाइब करते हैं, तो ऐसा रिश्ता अपने आप बन जाता है।''

फिल्म की बात करें, तो 'उड़ता तीर' देशभक्ति और कॉमेडी का कॉम्बिनेशन है। फिल्म में सुहैल नायर कथित तौर पर नेगेटिव किरदार में नजर आएंगे। वहीं, आयुष्मान खुराना फिल्म में एक पाकिस्तानी जासूस का किरदार निभा रहे हैं, जो भारत आने के बाद अपनी याददाश्त खो देता है। उसे देशभक्ति याद रहती है, लेकिन यह भूल जाता है कि वह किस देश का है। उसकी कहानी में कई दिलचस्प मोड़ आते है।

'उड़ता तीर' 9 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

--आईएएनएस

पीके/एएस