मुंबई, 24 सितंबर (आईएएनएस)। 'बालिका वधू' से घर-घर में पहचान बनाने वाली टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस अविका गौर इन दिनों अपने म्यूजिक वीडियोज को लेकर चर्चा में हैं। अविका हाल में दो अलग-अलग गानों 'बुखार' और 'जालिमा' में नजर आई हैं। दोनों गानों में उनका अंदाज एक-दूसरे से काफी अलग है।
इस पर अविका का कहना है कि म्यूजिक वीडियोज उन्हें अलग-अलग तरह के किरदार, लुक और इमोशंस एक्सप्लोर करने की आजादी देते हैं।
'बुखार' एक पंजाबी गाना है, जिसे विक्की संधू ने गाया और लिखा है। इसका म्यूजिक मिक्स सिंह ने दिया है। इस गाने के म्यूजिक वीडियो में अविका का स्टाइलिश और मॉडर्न अवतार देखने को मिला।
दूसरे गाने 'जालिमा' में वह पंजाबी सिंगर, कंपोजर और लिरिसिस्ट कुलविंदर बिल्ला के साथ नजर आईं। पंजाब में शूट किए गए इस गाने में दोनों की जोड़ी देखने को मिली। 'जालिमा' गाना 22 सितंबर को रिलीज हुआ।
अविका ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, ''जब आप जिस चीज पर काम करते हैं, वह लोगों से जुड़ने लगती है तो बहुत अच्छा महसूस होता है। 'बुखार' और 'जालिमा' एक-दूसरे से काफी अलग हैं और यही चीज इस फेज को मेरे लिए और एक्साइटिंग बनाती है। दोनों गानों में मुझे अलग-अलग लुक, एनर्जी और इमोशंस एक्सप्लोर करने का मौका मिला। जिस तरह से लोगों का प्यार मिल रहा है, उससे मैं बहुत खुश हूं।''
अविका ने कहा, ''म्यूजिक वीडियोज ने मुझे हमेशा एक्सपेरिमेंट करने की आजादी दी है और मैं इस आजादी को काफी एंजॉय कर रही हूं। 'बुखार' में एक अलग तरह की एनर्जी थी, जबकि 'जालिमा' ने मुझे बिल्कुल अलग स्पेस में जाने का मौका दिया। दोनों गानों के जरिए मुझे अपने बिल्कुल अलग-अलग पहलुओं को एक्सप्लोर करने का मौका मिला। दर्शकों को इन दोनों एक्सपीरियंस को पसंद करते देखकर मैं बेहद खुशी महसूस कर रही हूं।''
इससे पहले अविका ने 'जालिमा' में काम करने के अपने एक्सपीरियंस को भी शेयर किया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें एक्टर के तौर पर नई चीजें एक्सप्लोर करना हमेशा पसंद है। उनके लिए कुलविंदर बिल्ला के साथ पंजाबी गाने का हिस्सा बनना काफी खास रहा।
अविका ने बताया था कि इस गाने के दौरान उन्हें अलग-अलग लुक्स के साथ एक्सपेरिमेंट करने का मौका मिला। उन्होंने वेस्टर्न से लेकर इंडो-वेस्टर्न तक कई तरह के लुक्स ट्राई किए, जिसने शूटिंग के एक्सपीरियंस को मजेदार बना दिया।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम