मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। अभिनेता आदर्श गौरव एक बार फिर इंटरनेशनल साइंस-फिक्शन सीरीज ‘एलियन: अर्थ’ के दूसरे सीजन में नजर आने वाले हैं। सीरीज के नए सीजन की शूटिंग जून महीने में शुरू होने जा रही है।
आदर्श ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि वह जल्द ही इंटरनेशनल शूटिंग शेड्यूल के लिए रवाना होंगे और उसके बाद सीजन 2 की शूटिंग शुरू होगी।
आदर्श गौरव इस सीरीज में ‘स्लाइटली’ नाम के किरदार को दोबारा निभाते नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि यह किरदार उनके लिए बेहद खास है। शूटिंग खत्म होने के बाद भी यह किरदार लंबे समय तक उनके साथ बना रहा, क्योंकि इसमें कई भावनात्मक परतें हैं और इसका व्यवहार काफी अप्रत्याशित है। अभिनेता का कहना है कि इस किरदार को फिर से निभाने का मौका मिलना उनके लिए उत्साह और संतोष दोनों की बात है।
उन्होंने बताया कि सीरीज के निर्माता नूह हॉली और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर रिडले स्कॉट ने एक बेहद दिलचस्प और विशाल, हैरत में डालने वाली दुनिया तैयार की है। ऐसे प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना किसी भी कलाकार के लिए बड़ी उपलब्धि है।
आदर्श के मुताबिक, दूसरे सीजन में कहानी पहले से ज्यादा बड़े स्तर पर दिखाई जाएगी और दर्शकों को कई नए अनुभव देखने को मिलेंगे।
आदर्श ने बताया कि इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात इसकी शानदार स्टारकास्ट है। उनके अनुसार, पीटर डिंकलेज, टिमोथी ओलिफेंट और अन्य एक्टर्स के साथ काम करना एक प्रेरणादायक अनुभव है। ऐसे प्रतिभाशाली कलाकारों के बीच काम करने से हर दिन कुछ नया सीखने और खुद को बेहतर बनाने का अवसर मिलता है।
सीजन 2 में आदर्श गौरव के साथ सिडनी चैंडलर, एलेक्स लॉथर, एस्सी डेविस, सैमुअल ब्लेंकिन, बाबू सीसे, टिमोथी ओलिफेंट और पीटर डिंकलेज जैसे कई कलाकार भी नजर आएंगे। दर्शकों को इस नई कास्ट के साथ एक रोमांचक और दमदार कहानी देखने को मिलेगी।
--आईएएनएस
एमटी/एएस