सदाबहार गानों के साथ पुराने दौर में लौटेंगे दर्शक, अभिजीत सावंत ला रहे नया म्यूजिकल कॉन्सेप्ट

सदाबहार गानों के साथ पुराने दौर में लौटेंगे दर्शक, अभिजीत सावंत ला रहे नया म्यूजिकल कॉन्सेप्ट

मुंबई, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। सिंगर अभिजीत सावंत एक बार फिर 90 के दशक के सदाबहार गानों का जादू बिखेरने की तैयारी में हैं। वह अपने नए कॉन्सेप्ट '90 दशक का बैंड' के जरिए दर्शकों को उस दौर के गानों के सफर पर ले जाना चाहते हैं।

अभिजीत का कहना है कि आज अलग-अलग तरह के गाने गाते हुए उन्हें एहसास होता है कि पुराने गानों की बात ही कुछ और थी। वह चाहते हैं कि दर्शक एक बार फिर 90 के दशक के संगीत को उसी अंदाज में महसूस करें।

अपने इस नए कॉन्सेप्ट के बारे में बात करते हुए अभिजीत ने कहा, ''90 के दशक के गाने आज भी हर किसी को पसंद हैं। इस बैंड के पीछे का विचार इन गानों को एक म्यूजिकल महफिल के रूप में दर्शकों के सामने लाना है।''

अभिजीत ने आगे कहा, ''आज अलग-अलग तरह के गाने गाते हुए मुझे एहसास होता है कि पुराने गानों का मजा ही कुछ और है। इसीलिए मैं दर्शकों को एक बार फिर 90 के दशक में ले जाना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि दर्शक बैंड के जरिए उस दौर के संगीत को फिर से महसूस करें।''

हालांकि, अभिजीत के इस बैंड का फॉर्मेट क्या होगा और यह दर्शकों के सामने कब आएगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। लेकिन उनके इस नए कॉन्सेप्ट से 90 के दशक के गानों को पसंद करने वाले लोगों के साथ-साथ नई पीढ़ी के संगीत प्रेमियों को भी उस दौर के गानों से जुड़ने का मौका मिलेगा।

काम की बात करें तो अभिजीत सावंत इन दिनों 'इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न' में नजर आ रहे हैं। इस शो में वह अपने पुराने 'इंडियन आइडल' साथियों के साथ परफॉर्म कर रहे हैं। करीब दो दशक बाद अभिजीत एक बार फिर 'इंडियन आइडल' के मंच पर लौटे हैं। उनकी इस वापसी को उनके फैंस के लिए खास माना जा रहा है।

अभिजीत सावंत को असली पहचान सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' के पहले सीजन से मिली थी। इसके बाद साल 2005 में उनका पहला सोलो एल्बम 'आपका अभिजीत सावंत' रिलीज हुआ। इसी साल उन्होंने फिल्म 'आशिक बनाया आपने' के गाने 'मर जावां मिट जावां' के लिए प्लेबैक सिंगिंग भी की।

इसके बाद साल 2007 में उनका दूसरा एल्बम 'जुनून' रिलीज हुआ। साल 2013 में उन्होंने अपना तीसरा स्टूडियो एल्बम 'फरीदा' रिलीज किया। संगीत के अलावा अभिजीत ने एक्टिंग में भी हाथ आजमाया। उन्होंने साल 2009 में फिल्म 'लॉटरी' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। इसके अलावा वह फिल्म 'तीस मार खान' में भी नजर आए थे।

अभिजीत रोमांटिक ड्रामा सीरीज 'कैसा ये प्यार है' और क्राइम थ्रिलर शो 'सीआईडी' में भी स्पेशल अपीयरेंस दे चुके हैं।

--आईएएनएस

पीके/एएस