नई दिल्ली, 24 सितंबर (आईएएनएस)। देश की प्रमुख शराब कंपनियों में शामिल रेडिको खेतान लिमिटेड ने अपनी लोकप्रिय 1965 स्पिरिट ऑफ विक्ट्री लेमन डैश फ्लेवर्ड रम को नए प्रीमियम स्वरूप में पेश किया है। यह बदलाव कंपनी की फ्लेवर्ड रम श्रेणी में अपनी मौजूदगी मजबूत करने और युवा उपभोक्ताओं को आकर्षित करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
कंपनी ने नए पैकेज और पहचान के साथ लेमन डैश की शुरुआत असम से की है। इसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से ओडिशा, झारखंड, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल जैसे प्रमुख बाजारों में भी पेश किया जाएगा।
रेडिको खेतान ने कहा कि यह रिफ्रेश ब्रांडिंग 1965 स्पिरिट ऑफ विक्ट्री फ्रेंचाइजी के अगले विकास चरण का प्रतिनिधित्व करती है। यह कंपनी के पोर्टफोलियो की उन ब्रांड्स में शामिल है, जिन्हें 'मिलियनेयर ब्रांड' का दर्जा प्राप्त है।
इस ब्रांड की शुरुआत वर्ष 2017 में 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से की गई थी। शुरुआत में इसे कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट (सीएसडी) के माध्यम से लॉन्च किया गया था और बाद में उपभोक्ताओं की मजबूत प्रतिक्रिया को देखते हुए घरेलू बाजार में इसका विस्तार किया गया।
वर्ष 2022 में लॉन्च की गई लेमन डैश के जरिए ब्रांड ने प्रीमियम फ्लेवर्ड रम श्रेणी में प्रवेश किया था। उस समय बाजार में फ्लेवर-आधारित पेयों और नए कॉकटेल अनुभवों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए इसे विकसित किया गया था।
नए संस्करण में 1965 स्पिरिट ऑफ विक्ट्री की विरासत को गंधराज नींबू के विशिष्ट स्वाद और पहचान के साथ जोड़ा गया है। कंपनी का कहना है कि नया डिजाइन परंपरा और आधुनिकता का संतुलित मिश्रण पेश करता है।
रेडिको खेतान के मुख्य विपणन अधिकारी कुणाल मदान ने कहा कि 1965 स्पिरिट ऑफ विक्ट्री हमेशा से गौरव, विरासत और विशिष्ट पहचान का प्रतीक रहा है। उनके अनुसार, लेमन डैश के माध्यम से कंपनी इस विरासत को एक अधिक ताजगी भरे और आधुनिक अनुभव के साथ जोड़ना चाहती थी।
नई पैकेजिंग में क्रीम और गोल्ड रंगों, गहरे हरे रंग के शेड्स, मेटैलिक डिटेलिंग और गंधराज नींबू की कलात्मक डिजाइन का उपयोग किया गया है। साथ ही टेक्सचर्ड ग्लास बोतल, उभरी हुई डिजाइन और सिग्नेचर बैज इसके प्रीमियम स्वरूप को और मजबूत बनाते हैं।
ब्रांड की पहचान से जुड़े चार मूल मूल्य सम्मान, साहस, भाईचारा और गौरव को भी नए डिजाइन में बरकरार रखा गया है।
कंपनी का कहना है कि यह नया लुक विशेष रूप से उन युवा उपभोक्ताओं को आकर्षित करेगा, जो आधुनिक और अलग तरह के स्पिरिट्स अनुभवों की तलाश में रहते हैं।
उत्पाद की बात करें तो लेमन डैश में रम के पारंपरिक स्वाद को गंधराज नींबू के ताजगी भरे खट्टे स्वाद के साथ मिलाया गया है। कंपनी के अनुसार, इसमें आकर्षक सुगंध, स्मूथ टेक्सचर और ताजगी भरा फिनिश मिलता है।
इस उत्पाद को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है और इसे मोंडे सिलेक्शन में गोल्ड क्वालिटी अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
फिलहाल असम में यह उत्पाद 750 मिलीलीटर, 375 मिलीलीटर और 180 मिलीलीटर के ग्लास बोतल प्रारूप में उपलब्ध कराया गया है। यह नई पैकेजिंग ओडिशा, झारखंड, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल सहित अन्य प्रमुख बाजारों में चरणबद्ध तरीके से लॉन्च की जाएगी।
--आईएएनएस
डीबीपी