शिमला, 4 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (एचपीबीओएसई) धर्मशाला ने सोमवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए। बोर्ड अध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स तीनों स्ट्रीम के नतीजे एक साथ जारी किए। जारी परिणाम के मुताबिक, इस वर्ष 92.02 फीसदी छात्र-छात्राओं ने इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षा में सफलता हासिल की है।
परीक्षार्थी हिमाचल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर, वहां संबंधित कक्षा के लिए उपलब्ध परिणाम लिंक पर क्लिक कर अपने नतीजे चेक करने के साथ मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड ने परिणाम ऑफिशियल वेबसाइट के अलावा डिजिलॉकर ऐप पर भी जारी कर दिए हैं।
हिमाचल बोर्ड 12वीं में एक बार फिर से लड़कियों ने बाजी मारी है। इंटरमीडिएट की परीक्षा में इस वर्ष 81,417 छात्र-छात्राएं उपस्थित हुए थे, जिनमें से 74,637 स्टूडेंट्स पास हुए हैं। छात्रों में 40,828 लड़कों ने परीक्षा दी थी, जिसमें 36,888 पास हुए हैं। वहीं, 40,281 लड़कियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 37,749 पास हुई हैं।
हिमाचल बोर्ड 12वीं में साइला कश्यप ने 99 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया है। दूसरे स्थान पर दो छात्राओं ने 98.6 प्रतिशत अंक के साथ जगह बनाई है; उनमें सचिता धीमान और पार्शी शर्मा हैं। वहीं, तीसरी रैंक पर तीन छात्र-छात्राएं 98.4 फीसदी अंक के साथ हैं; उनमें तमन्ना शर्मा, नितिन कुमार और वैशाली ठाकुर के नाम शामिल हैं।
इस वर्ष साइंस स्ट्रीम से साइला कश्यप ने 500 में से 495 अंक हासिल कर पूरे राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। कॉमर्स स्ट्रीम से यशस्वी चौहान, कृषिका और यान तीनों ने 491-491 अंक लेकर संयुक्त रूप से पहला स्थान पाया। वहीं, आर्ट्स स्ट्रीम से अंशित कुमार ने 496 अंक लेकर टॉप किया है।
हिमाचल बोर्ड 12वीं परीणाम चेक करने के लिए स्टूडेंट्स सबसे पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित कक्षा के लिए दिए गए रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद लॉगिन क्रेंडेंशिल दर्ज कर सबमिट कर दें। फिर नतीजे आपके स्क्रीन पर खुल जाएंगे। परिणाम चेक करने के बाद मार्कशीट डाउनलोड कर लें। भविष्य के संदर्भ के लिए मार्कशीट का प्रिंट आउट निकाल लें। बता दें कि इस वर्ष हिमाचल बोर्ड 12वीं की परीक्षाएं 3 मार्च से 1 अप्रैल के बीच आयोजित की गई थीं।
--आईएएनएस
डीके/वीसी