तिरुवनंतपुरम, 7 मई (आईएएनएस)। कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) ने सुपरवाइजर ट्रेनी (मैकेनिकल) और सुपरवाइजर ट्रेनी (इलेक्ट्रिकल) के 1-1 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति हेतु एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके आवेदन मांगे हैं।
सीएसएल की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 30 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 मई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास राज्य तकनीकी शिक्षा बोर्ड द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से तीन वर्षीय मैकेनिकल इंजीनियरिंग या इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग डिप्लोमा होना चाहिए।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 30 मई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन 100 अंकों के लिए आयोजित की जाने वाली ऑब्जेक्टिव प्रकार की लिखित परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर की जाएगी, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 28,000 से 1,10,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 300 रुपए तय किया गया है। वहीं, और एससी/एसटी श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक हार्ड कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी