हेजलवुड और कमिंस के बिना भी हम बेहतर कर सकते हैं: नाथन एलिस

हेजलवुड और कमिंस के बिना भी हम बेहतर कर सकते हैं: नाथन एलिस

नई दिल्ली, 9 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया को अपना पहला मुकाबला 11 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ खेलना है। मैच से पहले अहम खिलाड़ियों की इंजरी ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। पैट कमिंस के बाद जोश हेजलवुड भी इंजरी की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। नाथन एलिस ने जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी को टीम के लिए 'बड़ी कमी' माना है।

नाथन एलिस ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा स्क्वाड में सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज हैं। उन्हें बेन ड्वारशुइस और जेवियर बार्टलेट के साथ गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करनी होगी। टीम में बतौर तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन और मार्कस स्टोइनिस शामिल हैं। हेजलवुड की जगह टीम में किसी गेंदबाज को शामिल नहीं किया गया है। सीन एबॉट रिजर्व गेंदबाज के तौर पर टीम का हिस्सा हैं।

नाथन एलिस ने कहा, "आप एक विश्व स्तरीय गेंदबाज को खो देते हैं, तो चीजें बदलती रहती हैं। यह हमारी टीम के लिए बहुत बुरा है कि वह नहीं खेल रहा है। उनके लिए पिछले कुछ महीने मुश्किल रहे हैं। वह उठ नहीं पाया है। मेरा काम जितना हो सके खुद को ढालने की कोशिश करना होगा, लेकिन हां, जोश हेजलवुड की कमी हमेशा खलती है।"

ड्वारशुइस और बार्टलेट के साथ गेंदबाजी करने पर एलिस ने कहा, "हमने 18 से 24 महीने साथ में क्रिकेट खेला है, जिसमें बड़े तीन खिलाड़ी नहीं खेल रहे थे और टेस्ट के मैदान में हम पर ज्यादा काम का बोझ था। इसलिए हमारे पास मैदान पर और मैदान के बाहर कनेक्शन बनाने और रिश्ते बनाने का समय था। एक गेंदबाजी यूनिट के तौर पर मुझे सच में लगता है कि हम एक साथ बहुत अच्छा काम करते हैं।"

एलिस ने कहा, "हम सभी के पास अलग-अलग स्किल सेट हैं। हम अलग-अलग फेज में एक साथ घुल-मिल सकते हैं। पिछले 18 महीनों में अब तक किए गए काम से बहुत फायदा हुआ है, इसलिए उन दो बड़े नामों के बिना यह हमारे लिए कोई नई जगह नहीं होगी।"

एलिस हेजलवुड के अलावा स्टार्क और कमिंस की बात कर रहे थे। स्टार्क टी20 से संन्यास ले चुके हैं। कमिंस और हेजलवुड इंजरी और वर्कलोड संतुलन की वजह से टी20 से बाहर रहे हैं।

--आईएएनएस

पीएके