मुंबई, 5 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लीग मुकाबले का बहिष्कार किया है। यह मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार, 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा है कि भारतीय खिलाड़ियों की फ्लाइट बुक है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार नहीं किया है।
भारत और पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ए में रखा गया है, जिसमें इन दोनों देशों के अलावा, नामीबिया, नीदरलैंड और संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) भी हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में खेला जाना है, जिसमें पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में आयोजित होंगे, लेकिन पाकिस्तान 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत के विरुद्ध अपना तय मेंस टी20 वर्ल्ड कप मैच नहीं खेलेगा, क्योंकि सरकार ने टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए सशर्त मंजूरी दी है।
सूर्यकुमार यादव ने गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 कैप्टन्स डे प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से कहा, "हमने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना नहीं किया, बल्कि उन्होंने मना किया है। मुझे लगता है कि मानसिकता काफी साफ है। हमने मैच खेलने से मना नहीं किया है। यह दूसरी तरफ से आया है। आईसीसी ने आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। बीसीसीआई और सरकार ने आईसीसी के साथ मिलकर एक न्यूट्रल वेन्यू तय किया है। हमारी फ्लाइट कोलंबो के लिए बुक है। इसलिए हम निश्चित रूप से जा रहे हैं। टीम में चर्चा हुई है कि हम पहले 7 फरवरी को खेलेंगे, फिर वहां जाएंगे।"
उल्लेखनीय है कि भारत के साथ न खेलने का पाकिस्तान का रुख आईसीसी के टी20 वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने के फैसले के बाद आया है। सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में खेलने से मना करने के बाद बांग्लादेश को बाहर कर दिया गया था। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने बुधवार को फिर से कहा कि उनकी सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम आगामी मेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ नहीं खेलेगी, जिसकी सह-मेजबानी श्रीलंका और भारत करेंगे।
इससे पहले, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने पाकिस्तान सरकार के अपनी क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने के निर्देश देने के फैसले पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा था कि चुनिंदा भागीदारी की यह स्थिति एक ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट के मूल सिद्धांत के साथ मेल नहीं खाती, जहां सभी क्वालिफाइड टीमों से इवेंट शेड्यूल के अनुसार बराबर शर्तों पर मुकाबला करने की उम्मीद की जाती है।
--आईएएनएस
आरएसजी