गुवाहाटी, 11 मई (आईएएनएस)। असम के नए मुख्यमंत्री के रूप में हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंगलवार को होने वाले इस महत्वपूर्ण समारोह में शामिल होने के लिए देशभर से बड़े राजनीतिक नेता गुवाहाटी पहुंच रहे हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा और केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह गुवाहाटी पहुंचे। इस दौरान एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए कई नेताओं ने अपने विचार साझा किए।
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा, "मुझे पहली बार मां कामाख्या की भूमि पर आने का अवसर मिला है। मंगलवार को शपथ ग्रहण समारोह है और मैं हिमंता बिस्वा सरमा को हार्दिक बधाई देना चाहती हूं। उनका पिछला कार्यकाल बहुत अच्छा रहा है। मैंने पहली बार इतना सुंदर एयरपोर्ट देखा है। अगर एयरपोर्ट इतना सुंदर है, तो निश्चित रूप से उन्होंने राज्य में व्यापक विकास कार्य किए होंगे। डबल इंजन की सरकार में असम तेजी से विकसित हो रहा है और विकसित असम की दिशा में आगे बढ़ रहा है।"
उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा ने कहा, "हिमंता बिस्वा सरमा मंगलवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मैं असम की जनता का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने भारी बहुमत देकर एनडीए सरकार बनाने का काम किया। मुझे विश्वास है कि मुख्यमंत्री हिमंता सरमा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।"
शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। एनडीए शासित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता इस आयोजन में शामिल होंगे।
हिमंता बिस्वा सरमा के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार के मंत्रियों के साथ मंगलवार को असम में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले खानापाड़ा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय के मैदान में तैयारियों का जायजा लेने वाले सरमा ने कहा कि नई सरकार 12 मई को सुबह 11 बजे राज्य भर से एनडीए के शीर्ष नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में कार्यभार संभालेगी।
प्रधानमंत्री और अन्य वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं की उपस्थिति को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। खानापाड़ा क्षेत्र के आसपास बैरिकेड्स, यातायात मार्ग परिवर्तन और बहुस्तरीय सुरक्षा तैनाती की गई है, जबकि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को तैयारियों की समीक्षा की।
--आईएएनएस
पीएसके/एबीएम