गुजरात: गिफ्ट सिटी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, 1,500 से अधिक लोगों ने लिया भाग

गुजरात: गिफ्ट सिटी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, 1,500 से अधिक लोगों ने लिया भाग

गांधीनगर, 18 जून (आईएएनएस)। गांधीनगर की गिफ्ट सिटी (गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी) में गुजरात राज्य योग बोर्ड के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर गुरुवार को एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कॉर्पोरेट जगत के प्रतिनिधियों, कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों सहित 1,500 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर "जिंदगी वन्स मोर" टीम और अभिनेता मयूर वकानी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। इन सभी ने योग और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों को नियमित योग अभ्यास के लिए प्रेरित किया।

गुजरात योग बोर्ड के चेयरमैन शिशुपाल ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण हुए हैं और इसी दिशा में गुजरात राज्य योग बोर्ड लगातार योग कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। 'कॉर्पोरेट के लिए योग' पहल के अंतर्गत व्यापारियों, उद्योगपतियों, कर्मचारियों और अधिकारियों को योग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जब कॉर्पोरेट क्षेत्र के लोग योग को अपनाते हैं, तो इसका प्रभाव न केवल उनके स्वास्थ्य पर पड़ता है, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति पर भी सकारात्मक असर दिखाई देता है। उनके अनुसार, इससे कार्यक्षमता बढ़ती है, उत्पादन क्षमता में सुधार होता है और देश के टर्नओवर तथा जीडीपी में वृद्धि होती है। उन्होंने योग को केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण चिकित्सा विज्ञान बताया, जो शरीर की शक्ति बढ़ाने के साथ-साथ प्रतिरक्षा प्रणाली को भी मजबूत करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाएं ताकि उनका शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास हो सके और भारत 'विश्वगुरु' बनने की दिशा में आगे बढ़ सके।

गिफ्ट सिटी के प्रबंध निदेशक (एमडी) संजय कुमार ने कहा कि गुजरात योग बोर्ड और गुजरात सरकार के सहयोग से यह योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य यहां कार्यरत लोगों को योग से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में हजारों कर्मचारियों ने रुचि दिखाई और सक्रिय रूप से भाग लिया, जो इस पहल की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को प्रतिभागियों से अत्यंत सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। इसी को देखते हुए गिफ्ट सिटी में नियमित योग कक्षाएं आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है, जो गुजरात योग बोर्ड के सहयोग से संचालित होंगी।

अभिनेता मयूर वकानी ने भी इस अवसर पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि योग अभ्यास सत्र में भाग लेकर उन्हें अत्यंत सकारात्मक और ऊर्जावान महसूस हुआ। उन्होंने योगाचार्यों द्वारा दिए गए प्रशिक्षण की सराहना की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूरे देश में योग के महत्व को लेकर जो संदेश दिया गया है, वह अत्यंत प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि योग वास्तव में जीवन का आधार है और स्वस्थ जीवन जीने के लिए योग को अपनाना आवश्यक है। उनके अनुसार, यदि व्यक्ति रोगमुक्त जीवन चाहता है तो उसे योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने बताया कि पूरे सत्र के दौरान एक विशेष प्रकार की ऊर्जा और सकारात्मकता का अनुभव हुआ, जिससे सभी प्रतिभागी उत्साहित हुए।

मयूर वकानी ने आगे कहा कि यह पहल एक नई चेतना का प्रतीक है, जहां लोगों ने यह सुझाव दिया कि ऐसे योग सत्र हर सप्ताह आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने इसे एक नई सामाजिक मुहिम बताया, जो लोगों को स्वास्थ्य और जागरूकता की दिशा में जोड़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि योग से न केवल स्वास्थ्य सुधरता है, बल्कि यह समृद्धि और सफलता का मार्ग भी प्रशस्त करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत 2047' के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि यह लक्ष्य योग और स्वस्थ जीवनशैली के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस