पश्चिम एशिया तनाव के बीच सरकार का बड़ा अपडेट: एलपीजी सप्लाई सामान्य, 98 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन; करीब 4.32 लाख नए पीएनजी कनेक्शन सक्रिय

पश्चिम एशिया तनाव के बीच सरकार का बड़ा अपडेट: एलपीजी सप्लाई सामान्य, 98 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन; करीब 4.32 लाख नए पीएनजी कनेक्शन सक्रिय

नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच केंद्र सरकार ने ईंधन आपूर्ति को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि देश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सामान्य बनी हुई है, और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

सोमवार को एक आधिकारिक बयान में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि अब पूरे उद्योग में करीब 98 प्रतिशत एलपीजी बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से हो रही है, जिससे वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी और सुगम बनी है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी सामान्य है और रविवार को भी अधिकांश डिस्ट्रीब्यूटर खुले रहे ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

सरकार ने बताया कि मार्च 2026 से अब तक देश भर में 1.28 लाख से ज्यादा छापेमारी की गई है, जिसमें 59,000 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इसके साथ ही 1,000 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गईं और 238 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई जारी है।

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की अनावश्यक खरीद से बचें और केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। साथ ही लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए एलपीजी बुकिंग करने और ऊर्जा बचाने की भी सलाह दी गई है। सरकार ने पीएनजी, इलेक्ट्रिक और इंडक्शन कुकटॉप जैसे वैकल्पिक ईंधनों के उपयोग को भी बढ़ावा देने की बात कही है।

ईंधन आपूर्ति की स्थिति पर सरकार ने भरोसा दिलाया कि घरेलू एलपीजी, पीएनजी और सीएनजी की 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वहीं, कमर्शियल एलपीजी में अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, फार्मा, स्टील और कृषि जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो वाले सिलेंडर की सप्लाई भी बढ़ाई गई है।

सरकार ने बताया कि रिफाइनरी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। घरेलू एलपीजी उत्पादन भी बढ़ाया गया है ताकि मांग को पूरा किया जा सके। साथ ही सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर 10 रुपए प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी घटाकर उपभोक्ताओं को राहत देने का कदम उठाया है।

प्राकृतिक गैस के क्षेत्र में भी तेजी देखी जा रही है। मार्च 2026 से अब तक करीब 4.32 लाख नए पीएनजी कनेक्शन सक्रिय किए गए हैं और 4.75 लाख से ज्यादा नए उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है। 31,700 से अधिक उपभोक्ताओं ने एलपीजी छोड़कर पीएनजी अपनाया है, जो स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

--आईएएनएस

डीबीपी