गांधीनगर, 19 मई (आईएएनएस)। गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (जीएमआरसी) लिमिटेड ने संविदा/प्रतिनियुक्ति/सेवानिवृत्ति के आधार पर सिविल पात्र कर्मचारियों की भर्ती के लिए जनरल मैनेजर सहित अलग-अलग कुल 5 पदों पर रिक्तियों की घोषणा एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके की है।
जिन 5 पदों पर वैकेंसी निकाली गई है, उनमें जनरल मैनेजर (नागरिक रखरखाव), ज्वाइंट जनरल मैनेजर/सीनियर डिप्टी जनरल मैनेजर/डिप्टी जनरल मैनेजर (नागरिक रखरखाव), ज्वाइंट जनरल मैनेजर/सीनियर डिप्टी जनरल मैनेजर/डिप्टी जनरल मैनेजर (सिविल क्यूए/क्यूसी), सीनियर डिप्टी जनरल मैनेजर/डिप्टी जनरल मैनेजर (नागरिक भूमिगत/सुरंग/ऊंचाई पर) और डिप्टी जनरल मैनेजर (नागरिक सुरक्षा) का 1-1 पद शामिल है।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 16 मई से शुरू हो चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 मई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे जीएमआरसी की ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार सिविल इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक, सिविल/मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन के साथ औद्योगिक सुरक्षा में डिप्लोमा होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 45 से 62 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 16 मई के आधार पर की जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन व्यक्तिगत साक्षात्कार, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा जांच के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी कम से कम पद के अनुसार 1,00,000 से 1,50, 000 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले जीएमआरसी लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकालकर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/वीसी